शिवम वत्स

मीरांपुर। मीरांपुर निवासी एवं ज्ञानस्थली पब्लिक स्कूल के पूर्व छात्र तहूर स्नान ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) में ऑल इंडिया 4586वीं रैंक प्राप्त कर मुज़फ्फरनगर जनपद में प्रथम स्थान हासिल किया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर ज्ञानस्थली पब्लिक स्कूल में उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

समारोह में तहूर स्नान के पिता मोहम्मद वासिल ने पुत्र की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय परिवार एवं सभी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा सकारात्मक शैक्षिक वातावरण का तहूर की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

इस अवसर पर तहूर स्नान ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं गुरुजनों को देते हुए कहा कि निरंतर प्रयास, कठिन परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन तथा लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक कुमार धीमान ने कहा कि यह विद्यालय के लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि इस वर्ष विद्यालय के दो पूर्व छात्र—तहूर स्नान एवं यश चौधरी—ने NEET परीक्षा उत्तीर्ण कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने दोनों विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि सफलता प्राप्त करने के बाद सेवा-भाव, ईमानदारी एवं पूर्ण निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना प्रत्येक युवा का कर्तव्य है।

समारोह में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टाफ सदस्यों ने दोनों सफल विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights