मनीष अग्रवाल

बेहट (सहारनपुर)। आगामी त्योहारों के मद्देनजर क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के उद्देश्य से उप जिलाधिकारी बेहट सुबोध कुमार तथा क्षेत्राधिकारी बेहट शशि प्रकाश शर्मा ने ग्राम पुजनेकी स्थित कपिल फायर वर्क्स की पटाखा निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने लाइसेंस की वैधता, निर्धारित शर्तों के अनुपालन, विस्फोटक सामग्री के सुरक्षित निर्माण एवं भंडारण तथा अग्नि सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की गहन जांच की।
निरीक्षण के दौरान इकाई संचालक को सभी निर्धारित मानकों और सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि लाइसेंस की शर्तों अथवा प्रचलित नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर लाइसेंस निरस्त करने सहित अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, इकाई में कार्यरत श्रमिकों की संख्या और उनके कार्य की व्यवस्था को निर्धारित मानकों एवं सुरक्षा प्रावधानों के अनुरूप बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

अवैध पटाखा निर्माण और भंडारण पर होगी कार्रवाई

प्रशासन की ओर से तहसील क्षेत्र के सभी थानाध्यक्षों तथा अग्निशमन एवं अग्नि सुरक्षा अधिकारी, बेहट को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि अवैध पटाखा निर्माण या भंडारण की सूचना मिलने पर तत्काल नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए। इसके अतिरिक्त, पटाखों की बिक्री केवल निर्धारित एवं अनुमन्य स्थलों पर ही सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। बिक्री स्थलों पर अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और अन्य आवश्यक अग्नि सुरक्षा उपायों की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना, आगजनी एवं अन्य संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम करना तथा क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights