नई दिल्ली, 23 अक्टूबर । दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट ने नस्लीय टिप्पणी से जुड़े एक मामले में कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन को एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। दिल्ली पुलिस ने आमिर शौकीन की छह दिनों की पुलिस हिरासत की मांग की थी।
दिल्ली पुलिस ने आमिर शौकीन को 22 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। शौकीन को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया था, जिन्होंने निर्देश दिया कि उन्हें सुनवाई के लिए संबंधित नियमित कोर्ट में पेश किया जाए। उन्हें कल फिर से अदालत में पेश किया जाएगा। इस मामले में सदर बाजार पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
त्रिपुरा की पुलिस ने भी इस मामले में अलग से एफआईआर दर्ज की है। मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो से जुड़ा है, जिसमें कथित तौर पर एक कंटेंट क्रिएटर द्वारा त्रिपुरा के एक व्यक्ति के खिलाफ नस्लीय टिप्पणियां की जा रही हैं और उसके साथ अपमानजनक व्यवहार किया जा रहा है।
त्रिपुरा पुलिस ने 22 अक्टूबर को पश्चिम त्रिपुरा जिले के न्यू कैपिटल कॉम्प्लेक्स पुलिस स्टेशन में शौकीन के खिलाफ मामला दर्ज किया। यह एफआईआर भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी कानून और एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत है। इस मामले में त्रिपुरा पुलिस की टीम दिल्ली पहुंच चुकी है। त्रिपुरा पुलिस आमिर शौकीन की ट्रांजिट रिमांड पर लेने की कोशिश करेगी। पुलिस के मुताबिक आमिर शौकीन ने एक महीने पहले अहमदाबाद में ये विवादित वीडियो बनाया था।
