anyone-been-twin-brother-only-satish-anil-kapoor

मुंबई, 23 अक्टूबर । अभिनेता अनिल कपूर अपने दिवंगत दोस्त और अभिनेता-निर्देशक सतीश कौशिक को याद कर भावुक हो गए। टीवी शो ‘इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो’ के आगामी एपिसोड में सतीश कौशिक जैसी शक्ल वाले प्रतियोगी गगन से मुलाकात के दौरान अनिल ने अपने दोस्त से जुड़े कई पुराने किस्से शेयर किए।

गगन ने बताया कि लोग अक्सर उनकी तुलना सतीश कौशिक से करते हैं। उन्होंने दिल्ली में टीवी शो ‘सुमित संभाल लेगा’ की शूटिंग के दौरान सतीश से मुलाकात का अनुभव भी शेयर किया, जिसने अनिल को अपने पुराने दिनों की याद दिला दी।

अपनी दोस्ती के बारे में बात करते हुए अनिल ने कहा कि सतीश के साथ उनका रिश्ता शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उन्होंने बताया कि सतीश अक्सर उनकी प्रतिभा की तारीफ किया करते थे और वह प्यार से उन्हें ‘डैनी डेविटो’ बुलाते थे। दोनों को फिल्म ‘ट्विन्स’ पसंद थी और वे साथ में जुड़वां भाइयों की भूमिका निभाने की कल्पना करते थे। अनिल ने कहा, “अगर मेरा कोई जुड़वां भाई बन सकता है, तो वह सिर्फ सतीश था, क्योंकि उसको मेरे बारे में हर चीज पता थी। मेरा गुस्सा, मेरी खुशी, हर चीज। वह मुझे बहुत अच्छी तरह जानता था।” इस बातचीत से दोनों के बीच गहरे भावनात्मक जुड़ाव की झलक मिली।

कार्यक्रम में भावुक पलों के बीच हंसी-मजाक भी देखने को मिला। अनिल और गगन ने सतीश कौशिक का लोकप्रिय संवाद, “मेरा नाम है कैलेंडर, मैं चला किचन के अंदर!” दोहराया। गगन की प्रस्तुति से खुश होकर अनिल ने कहा, “आपने मेरा दिल जीत लिया है।” उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि अगर कोई ‘ट्विन्स’ से प्रेरित फिल्म बनाने के लिए तैयार हो, तो वह उन्हें और गगन को जुड़वां भाइयों की भूमिका में ले सकता है। ‘इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो’ का प्रसारण हर शनिवार और रविवार रात आठ बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर होता है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights