नीरज प्रजापति

-जमीन दिलाने का सपना दिखाकर मेडिकल स्टोर संचालक से 47 लाख रुपये ऐंठने का आरोप

-पीड़ित की पुकार बनी भाकियू तोमर की आवाज, इंसाफ की लड़ाई में उतरा संगठन

मुजफ्फरनगर। जनपद में जमीन के नाम पर कथित ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया है। आरोप है कि भोले-भाले और मेहनतकश लोगों को विश्वास में लेकर जमीन दिलाने का लालच दिया जाता है, लाखों रुपये लिए जाते हैं और बाद में न जमीन दी जाती है और न ही रकम वापस लौटाई जाती है। जब पीड़ित अपने ही पैसे वापस मांगता है तो उसे कथित रूप से धमकियां, दबाव और प्रभावशाली लोगों के नाम लेकर डराने का सामना करना पड़ता है।
इसी तरह का मामला थाना पुरकाजी क्षेत्र के गांव भोजाहेड़ी निवासी एवं मेडिकल स्टोर संचालक मोहम्मद सुलेमान पुत्र जान मोहम्मद ने भाकियू (तोमर) टीम के साथ मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान सार्वजनिक किया। उन्होंने आरोप लगाया कि बागोवली निवासी शाकिब उर्फ शानिद पुत्र मनसब ने उन्हें बागोवली में पांच बीघा कृषि भूमि दिलाने का भरोसा देकर उनसे 47 लाख रुपये ले लिए। पीड़ित का कहना है कि यह रकम विश्वास के आधार पर दी गई थी, लेकिन करीब दो महीने बीत जाने के बाद भी न तो जमीन की रजिस्ट्री हुई और न ही उनकी मेहनत की कमाई वापस मिली।
आरोप है कि जब उन्होंने अपने रुपये वापस मांगे तो उन्हें कथित रूप से टालमटोल किया जाने लगा। बाद में फोन पर जान से मारने की धमकियां दी गईं और कहा गया कि यदि पुलिस या प्रशासन में शिकायत की तो उन्हें एक भी रुपया वापस नहीं मिलेगा। आरोप है कि आरोपी ने प्रभावशाली लोगों से नजदीकी होने का दावा करते हुए कहा कि वह किसी भी कार्रवाई से नहीं डरता और शिकायत करने पर भी उसका कुछ नहीं बिगड़ेगा। इस दौरान मोहम्मद सुलेमान ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में केवल एक व्यक्ति ही नहीं बल्कि एक पूरा समूह सक्रिय है। उन्होंने शाकिब उर्फ शानिद, उसकी पत्नी सहराना, शाहनवाज, अब्दुल्ला, रुखसार तथा हिना जो सरताज के पुत्र व पुत्रियाँ हैं ये सभी बागोवली के निवासी हैं इन पर भी इस कथित प्रकरण में शामिल होने का दावा किया है। पीड़ित सुलेमान का कहना है कि सभी लोग मिलकर उन पर पैसे भूल जाने का दबाव बना रहे हैं। आरोप है कि शाकिब उर्फ शानिद द्वारा धमकी दी गई है कि मैने डीएम साहब व सांसद हरेन्द्र मलिक की दस दस साल गाड़ी चलाई है मुझको हर एक हथकंडे का पता है किससे कैसे बचा जा सकता हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान पीड़ित कई बार भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि जीवनभर की मेहनत से जो पूंजी जोड़ी थी, वह आज फंस गई है। अब स्थिति यह है कि उन्हें अपने ही रुपये वापस लेने के लिए सरकारी कार्यालयों, पुलिस अधिकारियों और विभिन्न संगठनों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जबकि शातिर ठग बेखौफ घूम रहे हैं। पीड़ित ने बताया कि गत दिनों वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से इस प्रकरण में शातिरों के खिलाफ कार्यवाही कराने की मांग को लेकर मिले थे। एसएसपी ने तुरंत सीओ नई मंडी को जांच के आदेश दिये और शातिरों के खिलाफ शख्त कार्यवाही करने की बात कही।

भाकियू तोमर बना पीड़ित की ढाल, इंसाफ की लड़ाई में मजबूती से उतरा संगठन

इस पूरे प्रकरण में भारतीय किसान यूनियन (तोमर) ने पीड़ित के समर्थन में खुलकर आवाज उठाई। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव तोमर ने मामले को गंभीर मानते हुए तत्काल एक टीम गठित की और पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने का निर्णय लिया। संगठन की ओर से प्रदेश प्रभारी अजय त्यागी, मंडल उपाध्यक्ष साजिद अल्वी, नगर उपाध्यक्ष नौशाद, मंडल महामंत्री सोनू तथा प्रदेश सलाहकार एवं मीडिया प्रभारी राजन सहित अन्य पदाधिकारी सक्रिय रूप से पीड़ित के साथ खड़े दिखाई दिए।
भाकियू तोमर के प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर पूरे मामले में निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता के माध्यम से संगठन ने पूरे घटनाक्रम को सार्वजनिक करते हुए कहा कि यदि कथित आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की कथित ठगी का शिकार न बने।

पीड़ित सुलेमान ने नई मंडी थाना अध्यक्ष आनंद देव मिश्रा से की अनोखी अपील

पीड़ित सुलेमान ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा सरकार होने के बावजूद भी शातिर ठग अपना समूह मजबूत करने में सक्षम दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खाकीधारी शातिर अपराधियों के लिए यमराज बनकर उनको हवालात भेजने का सिलसिला जारी रख रहे हैं इस प्रकार भोले भाले लोगों को फसाने वाले शातिर ठगो के साथ भी ऐसा ही व्यवहार अपनाना चाहिए ताकि कोई भी भोली भाली जनता ऐसे शातिरो के जाल में न फंस सके और शातिर ठगो की यह चैन भी टूट सके जिसकी जद में आकर लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं। पत्रकारों से बात करते हुए पीड़ित सुलेमान ने कहा कि अपने क्षेत्र को अपराध मुक्त करने के मामले में नई मंडी थाना अध्यक्ष आनंद देव मिश्रा का बड़ा नाम सुना है उनसे सोशल मीडिया के माध्यम से अपील की गई है कि साकिब उर्फ सानिद जैसे शातिर ठग को उनकी टीम सहित सबको मुठभेड़ में लंगड़ा कर वीडियो वायरल करनी चाहिए ताकि यह मुठभेड़ सभी ठगो के लिए एक नजीर साबित हो और किसी भी भोले भाले को अपना शिकार बनाने से पहले दस बार सोचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights