नीरज प्रजापति

प्रदेश स्तरीय बैडमिंटन में छाया जड़ौदा का लाल, शिव चौधरी ने जीता स्वर्ण

अंडर-14 वर्ग में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर सहारनपुर मंडल का भी बढ़ाया गौरव, होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज में खुशी का माहौल

मुजफ्फरनगर। खेल प्रतिभा के दम पर जिले के होनहार खिलाड़ियों द्वारा लगातार अपनी पहचान बनाई जा रही है। इसी कड़ी में जड़ौदा स्थित होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज के छात्र शिव चौधरी ने प्रदेश स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 वर्ग में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। बरेली में आयोजित इस प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में शिव ने अपने खेल कौशल और दमदार प्रदर्शन से प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
शिव चौधरी ने प्रतियोगिता में सहारनपुर मंडल का प्रतिनिधित्व किया। प्रदेश स्तर पर शानदार प्रदर्शन के साथ उन्होंने मंडल का भी गौरव बढ़ाया। कम उम्र में मिली इस बड़ी सफलता ने यह साबित किया कि ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो उन्हें सही मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने की।
शिव चौधरी जड़ौदा निवासी अनुज चौधरी के पुत्र हैं। बचपन से ही खेल के प्रति रुचि रखने वाले शिव ने नियमित अभ्यास और मेहनत के बल पर अपनी खेल प्रतिभा को निखारा। प्रदेश स्तर की प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतना उनके लिए ही नहीं, बल्कि उनके परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बन गया है।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय की ओर से योगाचार्य सतकुमार बरेली में मौजूद रहे और उन्होंने शिव का उत्साहवर्धन किया। महत्वपूर्ण मुकाबलों के दौरान उनका मार्गदर्शन और हौसला बढ़ाने का सिलसिला जारी रहा।
स्वर्ण पदक जीतने के बाद विद्यालय परिसर में भी खुशी का माहौल देखने को मिला। प्रधानाचार्य प्रर्वेंद्र दहिया ने शिव चौधरी की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने की भावना विकसित करता है। उन्होंने कहा कि शिव की सफलता विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का काम करेगी। शिव चौधरी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकों के मार्गदर्शन और लगातार किए गए अभ्यास को दिया।

परिवार और विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी शिव को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की। प्रदेश स्तरीय मंच पर स्वर्ण पदक हासिल करने वाले शिव चौधरी की इस उपलब्धि ने जड़ौदा से लेकर मुजफ्फरनगर तक जिले की खेल प्रतिभाओं की ओर एक बार फिर ध्यान आकर्षित किया है। अब शिव की नजर आने वाली प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी उपलब्धियों का सिलसिला आगे बढ़ाने पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights