नीरज प्रजापति
मुजफ्फरनगर के एसपी सिटी अमृत जैन और पूर्व कप्तान अभिषेक यादव को मिली अहम जिम्मेदारी, तकनीक के सहारे स्मार्ट पुलिसिंग को धार देने की तैयारी।
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश पुलिस अब अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ा रही है। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण की पहल पर प्रदेश के चुनिंदा 11 पुलिस अधिकारियों को शामिल करते हुए AI टास्क फोर्स गठित किए जाने की जानकारी सामने आई है। इस विशेष टीम में मुजफ्फरनगर से जुड़े दो चर्चित अधिकारियों की मौजूदगी ने जिले में भी चर्चा तेज कर दी है।
AI टास्क फोर्स में मुजफ्फरनगर के एसपी सिटी अमृत जैन को शामिल किया गया है। युवा आईपीएस अधिकारी अमृत जैन वर्तमान में मुजफ्फरनगर में अपर पुलिस अधीक्षक के रूप में तैनात हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस के आधिकारिक रिकॉर्ड में भी उनकी मुजफ्फरनगर में तैनाती दर्ज है।
वहीं मुजफ्फरनगर के पूर्व कप्तान रहे अभिषेक यादव, जो वर्तमान में एटीएस में डीआईजी के पद पर कार्यरत हैं, को भी इस महत्वपूर्ण टीम का हिस्सा बनाए जाने की बात सामने आई है। दोनों अधिकारियों का चयन ऐसे समय में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जब पुलिसिंग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिसिस और डिजिटल तकनीक की भूमिका लगातार बढ़ रही है।
उत्तर प्रदेश पुलिस पहले से ही तकनीकी क्षमता बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। अप्रैल 2026 में पुलिस मुख्यालय में ई-साक्ष्य और ई-समन जैसे डिजिटल अनुप्रयोगों को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था, जिसमें डीजीपी राजीव कृष्ण ने हिस्सा लिया था।
