नीरज प्रजापति
मुजफ्फरनगर में गरजे सपा पिछड़ा वर्ग प्रदेश अध्यक्ष राजपाल कश्यप, बोले युवा रोजगार को तरस रहा, किसान वादों की फाइलों में फंसा, महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ी।
मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल कश्यप के मुजफ्फरनगर पहुंचते ही सियासी पारा चढ़ गया। महावीर चौक स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर मीडिया सेंटर के पत्रकारों के साथ आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। राजपाल कश्यप ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं से जूझ रही है, जबकि सत्ता में बैठे लोग जुमलों और दावों के सहारे अपनी राजनीति चमकाने में लगे हैं।
राजपाल कश्यप ने कहा कि भाजपा की योगी सरकार ने जनता को बड़े-बड़े सपने और वादे दिखाकर सत्ता हासिल की, लेकिन सत्ता में आने के बाद आम आदमी की समस्याओं से दूरी बना ली। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की प्राथमिकताओं में जनता की परेशानी से ज्यादा राजनीतिक दावे और प्रचार दिखाई देते हैं। उनका कहना था कि जुमलेबाजी से न युवा के हाथ में रोजगार आता है और न ही किसान के घर में खुशहाली।
उन्होंने प्रदेश के युवाओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि रोजगार की तलाश में बड़ी संख्या में युवा भटक रहे हैं। पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी की उम्मीद लगाए बैठे युवाओं के सामने बेरोजगारी बड़ी चुनौती बन गई है। कश्यप ने कहा कि जिस युवा शक्ति को प्रदेश की तरक्की का आधार बनना चाहिए था, उसे बेरोजगारी की भट्टी में झोंकने का काम किया जा रहा है।
किसानों के मुद्दे पर भी कश्यप ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया गया था, लेकिन किसान आज भी अपनी फसल, लागत, भुगतान और आर्थिक स्थिति को लेकर परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को आश्वासन देकर समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने को छोड़ दिया जाता है।
महंगाई के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए राजपाल कश्यप ने कहा कि शिक्षा महंगी हो रही है, घरेलू गैस सिलेंडर और रोजमर्रा की जरूरतों का खर्च बढ़ रहा है। आम परिवार का बजट बिगड़ चुका है और लोगों को घर चलाने के लिए लगातार जद्दोजहद करनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि एक तरफ जनता महंगाई की मार से कराह रही है और दूसरी तरफ सत्ता के गलियारों में बैठे लोग इसका आनंद ले रहे हैं।
राजपाल कश्यप ने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के बीच जाकर उसके मुद्दों को उठाएगी। पिछड़े वर्ग, किसान, युवा, मजदूर और गरीबों के सवालों को लेकर पार्टी संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संगठन को और मजबूत किया जाएगा तथा जनता के बीच सरकार की नीतियों और उसके प्रभाव को लेकर संवाद किया जाएगा।
2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजपाल कश्यप ने भाजपा पर सीधा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी। उनके शब्दों में, “2027 में साइकिल की रफ्तार का ऐसा तूफान आएगा कि भाजपा का योगी राज उड़ जाएगा।” उन्होंने दावा किया कि जनता अब महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और शिक्षा जैसे मुद्दों पर जवाब चाहती है।
उन्होंने कहा कि सत्ता का वास्तविक अर्थ जनता की सेवा है, लेकिन यदि आम आदमी अपने ही सवालों के जवाब के लिए दर-दर भटकने लगे तो सरकार की नीतियों पर सवाल उठना स्वाभाविक है। राजपाल कश्यप ने कार्यकर्ताओं से भी जनता के बीच सक्रिय रहने और उसके मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
पत्रकार वार्ता के दौरान सपा प्रदेश अध्यक्ष के तेवरों से साफ नजर आया कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मुजफ्फरनगर की धरती पर सियासी टकराव की जमीन तैयार हो रही है। भाजपा सरकार पर लगातार हमलावर समाजवादी पार्टी अब बेरोजगारी, महंगाई, किसान और पिछड़े वर्ग के मुद्दों को लेकर अपना राजनीतिक अभियान धार देने की तैयारी में दिखाई दे रही है।
