upl-2026-matches-victory-

देहरादून, 28 सितंबर (हि. स.)। उत्तराखंड प्रीमियर लीग (यूपीएल) 2026 में सोमवार को बारिश से प्रभावित मुकाबलों में पिथौरागढ़ हरिकेन्स और टिहरी टाइटंस ने शानदार जीत दर्ज की। पिथौरागढ़ ने नैनीताल टाइगर्स को डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (डीएलएस) नियम से 27 रन से हराया, जबकि टिहरी ने ऋषिकेश रिवर किंग्स को नौ विकेट से शिकस्त दी।

पहले मुकाबले में पिथौरागढ़ हरिकेन्स ने 14 ओवर में सात विकेट पर 159 रन बनाए। आंजनेय सूर्यवंशी ने 24 गेंदों में 73 और समर्थ सेमवाल ने 25 गेंदों में 44 रन की तेज पारियां खेलीं। नैनीताल की ओर से अदी खान ने पांच विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए नैनीताल टाइगर्स 6.1 ओवर में तीन विकेट पर 41 रन ही बना सकी थी कि बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा। दोबारा खेल शुरू नहीं होने पर डीएलएस नियम के तहत पिथौरागढ़ को 27 रन से विजेता घोषित किया गया। सूर्यवंशी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। पिथौरागढ़ की यह लगातार तीसरी जीत है।

दूसरे मुकाबले को बारिश के कारण पांच-पांच ओवर का कर दिया गया। ऋषिकेश रिवर किंग्स ने चार विकेट पर 73 रन बनाए। दीक्षांशु नेगी ने आठ गेंदों में 26 रन बनाए। टिहरी टाइटंस ने 74 रन के लक्ष्य को 4.5 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। कप्तान विजय शर्मा ने 17 गेंदों में नाबाद 56 रन की विस्फोटक पारी खेली और टीम को नौ विकेट से जीत दिलाई।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights