हरिद्वार, 28 सितंबर । संसदीय प्राक्कलन समिति ने सोमवार को अपने अध्ययन दौरे के तहत बीएचईएल हरिद्वार का दौरा कर संयंत्र की विनिर्माण प्रक्रियाओं, तकनीकी क्षमताओं और विभिन्न उत्पादन क्षेत्रों का अवलोकन किया। समिति के अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल के नेतृत्व में लोकसभा सांसदों ने बीएचईएल की कार्यप्रणाली और उत्पादन गतिविधियों की जानकारी ली।
बीएचईएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के. सदाशिव मूर्ति और हरिद्वार इकाई के कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार ने समिति के सदस्यों का स्वागत किया। इस दौरान सदाशिव मूर्ति ने समिति को कंपनी की वर्तमान कार्यप्रणाली, तकनीकी क्षमताओं तथा देश की ऊर्जा एवं औद्योगिक जरूरतों को पूरा करने में बीएचईएल के योगदान की जानकारी दी।
समिति के सदस्यों ने संयंत्र की विभिन्न विनिर्माण प्रक्रियाओं, आधुनिक तकनीकों और उत्पाद निर्माण से जुड़ी गतिविधियों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। बीएचईएल अधिकारियों ने उन्हें उत्पादन क्षमता, प्रमुख उत्पादों, तकनीकी उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
रंजन कुमार ने बताया कि बीएचईएल की हरिद्वार इकाई ऊर्जा क्षेत्र के उपकरणों के निर्माण के साथ रक्षा और एयरोस्पेस क्षेत्र में भी अपनी तकनीकी क्षमताओं का विस्तार कर रही है। समिति के सदस्यों ने बीएचईएल की तकनीकी विशेषज्ञता और इंजीनियरों और कर्मचारियों के योगदान की सराहना की। दौरे के दौरान बीएचईएल के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
