kesco-employees-protest

कानपुर, 05 अगस्त । सरकारी आवासों में अनिवार्य बिजली मीटर नहीं लगवाने पर केस्को के 472 अधिकारियों और कर्मचारियों का जुलाई और अगस्त माह का वेतन रोक दिया गया। वेतन रुकने से नाराज कर्मचारी बुधवार को सिविल लाइंस स्थित मुख्यालय पहुंचे और कार्रवाई का विरोध करते हुए वेतन जारी करने की मांग की। इस दौरान कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच वार्ता भी हुई।

उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) के निर्देश पर विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और पेंशनरों के सरकारी आवासों में एलएमवी-10 श्रेणी के बिजली मीटर लगाना अनिवार्य किया गया है। इसके बावजूद 472 कर्मचारियों ने अब तक मीटर नहीं लगवाए थे, जिसके चलते वेतन रोकने की कार्रवाई की गई।

विरोध के दौरान कर्मचारियों ने मीटर नहीं लगाने वालों की सूची उपलब्ध कराने और वेतन जारी करने की मांग उठाई। जांच में 96 ऐसे कर्मचारी मिले, जिनके सरकारी आवासों में अभी तक मीटर नहीं लगे हैं। विभाग ने उन्हें जल्द मीटर लगवाने के निर्देश दिए हैं।

केस्को की प्रबंध निदेशक नेहा जैन ने बताया कि यूपीपीसीएल के निर्देशों का पालन कराया जा रहा है। मीटर लगाने का उद्देश्य सरकारी आवासों में वास्तविक बिजली खपत का रिकॉर्ड रखना है। कर्मचारियों को मिलने वाली रियायती बिजली सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी। उन्होंने सभी संबंधित कर्मचारियों से शीघ्र मीटर लगवाने की अपील की है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights