वहलना चौक का नाम बदलने से जैन समाज में रोष
कांवड़ यात्रा के बाद पारसनाथ चौक, वहलना नाम रखने हेतु आंदोलन की चेतावनी

मुज़फ्फरनगर। वहलना चौक का नाम बदलकर महाराणा प्रताप चौक किए जाने के निर्णय से जैन समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। समाज के लोगों का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में जैन समाज के साथ लगातार अन्याय हो रहा है।

जैन समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि वे महापराक्रमी श्रद्धेय महाराणा प्रताप जी को अपना आदर्श मानते हैं और उनके प्रति अपार सम्मान रखते हैं, लेकिन वहलना चौक का ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व अलग है। यह चौक वर्षों से “वहलना चौक” के नाम से ही जाना जाता रहा है तथा इसके समीप ही विश्व विख्यात जैन तीर्थ अतिशय क्षेत्र, वहलना स्थित है, जहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु दर्शन हेतु आते हैं।

ऐसे पवित्र एवं ऐतिहासिक स्थल से जुड़े चौक का नाम बदलना जैन समाज की भावनाओं को आहत करने वाला एवं निंदनीय कदम है। समाज ने इस निर्णय के लिए भाजपा सरकार एवं मौजूदा नगरपालिका प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है।

जैन एकता मंच “युवा शाखा” के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव जैन ने अपने बयान में कहा कि वहलना चौक का नाम परिवर्तन जैन समाज की आस्था और इतिहास के साथ सीधा खिलवाड़ है। हम महाराणा प्रताप जी का सम्मान करते हैं, लेकिन किसी समाज की पहचान और धार्मिक विरासत को नजरअंदाज करना पूरी तरह अनुचित है। यदि यह निर्णय जल्द वापस नहीं लिया गया, तो जैन समाज सड़कों पर उतरकर लोकतांत्रिक तरीके से जोरदार आंदोलन करेगा।

जैन समाज ने मांग की है कि सरकार एवं मुज़फ्फरनगर नगरपालिका तत्काल इस निर्णय को वापस लेते हुए चौक का नाम “पारसनाथ चौक, वहलना” घोषित करे।

समाज के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों को शीघ्र नहीं माना गया, तो कांवड़ यात्रा के बाद जैन समाज इस निर्णय के विरोध में व्यापक आंदोलन करेगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights