ब्रह्मप्रकाश शर्मा 

डीजल टैंक फटने से हुआ हादसा, फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

जानसठ। मंगलवार देर शाम जानसठ-कवाल मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मीरापुर की ओर से मुजफ्फरनगर की तरफ जा रहे टाइल्स से भरे एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। हादसा जानसठ से कवाल के बीच बने डिवाइडर के पास हुआ। ट्रक के डिवाइडर से टकराने के बाद उसका डीजल टैंक फट गया, जिसके चलते देखते ही देखते ट्रक आग की लपटों से घिर गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

जानकारी के अनुसार मंगलवार, 6 अक्टूबर को ट्रक संख्या UK 08 CA 9968 मीरापुर की ओर से टाइल्स भरकर मुजफ्फरनगर की दिशा में जा रहा था। बताया गया कि जानसठ-कवाल के बीच पहुंचने पर ट्रक अचानक सड़क के बीच बने डिवाइडर की साइड से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का डीजल टैंक क्षतिग्रस्त होकर फट गया। डीजल फैलने के बाद अचानक आग भड़क उठी और कुछ ही देर में आग ने ट्रक के अगले हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।

ट्रक में आग लगते ही मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। राहगीरों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद ट्रक में लदी टाइल्स भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। हालांकि हादसे में किसी अन्य वाहन के चपेट में आने की सूचना नहीं है।

घटना के दौरान ट्रक चालक मौके पर मौजूद नहीं मिला, जिसके चलते हादसे के बाद चालक के वहां से चले जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर घटना की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा ट्रक चालक के संबंध में भी जानकारी की जा रही है।

हादसे के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। आग की लपटों और धुएं को देखकर आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों ने अपने वाहनों की गति धीमी कर दी। दमकल कर्मियों द्वारा आग पर काबू पाने के बाद यातायात को सामान्य कराया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights