नीरज प्रजापति

मेरठ के अस्पताल में जिंदगी की जंग हार गया 24 वर्षीय युवक, छह बहनों के इकलौते भाई की मौत से भड़का आक्रोश; गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने खतौली थाने में डाला डेरा।

खतौली। जिले के खतौली क्षेत्र में नकाबपोश हमलावरों की कथित दरिंदगी ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बिहारीपुर गांव में सोमवार देर शाम हुए जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल 24 वर्षीय अक्षय ने मंगलवार सुबह मेरठ के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जवान बेटे की मौत की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई, वहीं गांव में शोक के साथ आक्रोश फैल गया। हमलावरों की गिरफ्तारी और घटना का खुलासा करने की मांग को लेकर परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण खतौली थाने पहुंच गए। घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, बिहारीपुर निवासी अक्षय सोमवार देर शाम गांव के पास मौजूद था। इसी दौरान नकाबपोश हमलावरों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों तथा धारदार हथियारों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में अक्षय गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर धमकी देते हुए फरार हो चुके थे। ग्रामीणों की मदद से घायल अक्षय को तत्काल उपचार के लिए मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम छा गया और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अक्षय की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी छह बहनें हैं। जिस घर में जवान बेटे से परिवार की उम्मीदें जुड़ी थीं, वहां अब मातम पसरा है। बहनों और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी फैलते ही ग्रामीणों में भी भारी नाराजगी देखने को मिली। युवक की मौत के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीण खतौली थाने पहुंचे और आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग उठाई। लोगों ने मामले में त्वरित कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन खतौली थाने पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार, मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। जांच के तहत कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights