नीरज प्रजापति
तिरंगा फहराकर दी सलामी, शहीदों के बलिदान को किया नमन
मुजफ्फरनगर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को पूरा देश देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। इसी क्रम में न्याजुपुरा स्थित भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा के प्रदेश कार्यालय पर स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम एआईएमआईएम और भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।
समारोह के दौरान पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में तिरंगा फहराया गया और राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम में देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
इस अवसर पर भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह आलम ने कहा कि देश की युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास की जानकारी होना बेहद जरूरी है। युवाओं को यह समझना चाहिए कि देश को आजादी दिलाने के लिए वीर जवानों और स्वतंत्रता सेनानियों ने किस तरह संघर्ष किया और अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि शहीदों के बलिदान को हमेशा याद रखना और उनके आदर्शों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
प्रदेश अध्यक्ष हाजी इंतजार ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्रध्वज का सम्मान करे। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि उन वीर जवानों और स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने का अवसर भी है, जिनके बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में शांतिपूर्ण जीवन जी रहे हैं।
समारोह के दौरान देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत करने का संदेश भी दिया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशवासियों ने एकजुट होकर अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया था। आज भी देश की तरक्की और मजबूती के लिए सभी वर्गों को आपसी भाईचारे के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासचिव साबिर राणा, महिला प्रदेश अध्यक्ष सुदेश, युवा जिला अध्यक्ष शाहनवाज, चौधरी जुल्फिकार, मसरूफ अहमद, चौधरी साजिद, दिलशाद, शुऐब राणा, अनिल कुमार, नरेश प्रजापति सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। समारोह के दौरान पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल बना रहा और कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
