vice-president-visit-sri-lanka

नई दिल्ली, 18 अप्रैल । उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 19-20 अप्रैल तक श्रीलंका की आधिकारिक यात्रा करेंगे। यह उनकी श्रीलंका की पहली द्विपक्षीय यात्रा होगी।

विदेश मंत्रालय के अनुसार उपराष्ट्रपति 19 अप्रैल (रविवार) को श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायका, प्रधानमंत्री डॉ. हरिणी अमरासुरिया और अन्य गणमान्य व्यक्तियों से मुलाकात करेंगे। वह भारतीय मूल के तमिल समुदाय के नेताओं तथा श्रीलंका के उत्तरी और पूर्वी क्षेत्रों के तमिल नेताओं के साथ बातचीत भी करेंगे।

इसी दिन, उपराष्ट्रपति कोलंबो में एक सामुदायिक कार्यक्रम में भारतीय प्रवासियों को संबोधित करेंगे, जहां वे भारतीय आवास परियोजना के तीसरे चरण के तहत भारत सरकार की सहायता से निर्मित आवास तमिल समुदायों के लाभार्थियों को वर्चुअल माध्यम से सौंपेंगे। इसके साथ ही तमिल समुदायों के लिए कुल आवासों की संख्या 50 हजार हो जाएगी तथा परियोजना के चौथे चरण में 10 हजार और आवासों का निर्माण किया जा रहा है। 20 अप्रैल को उपराष्ट्रपति नुवारा एलिया की यात्रा पर जाएंगे। इस दिन भारतीय आवास परियोजनाओं का दौरा करेंगे और स्थानीय तमिल समुदाय के साथ बातचीत करेंगे।

यह यात्रा दोनों देशों के बीच हाल ही में हुए उच्च स्तरीय सम्मेलनों के बाद हो रही है और इससे भारत-श्रीलंका के बीच हजारों साल पुराने सभ्यतागत तथा जन-संबंधों को और मजबूत होने की उम्मीद है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights