मुदगल टाइम्स ब्यूरो
बहादुरगढ़/झज्जर। गुजरात न्यायिक सेवा में सिविल जज के प्रतिष्ठित पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले होनहार युवा देवांग मुदगल के पहली बार न्यायाधीश के रूप में अपने पैतृक गांव कसार पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, समाज और पूरे क्षेत्र में खुशी एवं गर्व की लहर है।
देवांग मुदगल, मुदगल चेतना परिवार के राष्ट्रीय महासचिव एवं अधिवक्ता राहुल देव मुदगल के सुपुत्र हैं। उन्होंने कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर अपनी प्रतिभा, अनुशासन और अथक परिश्रम का परिचय दिया है। परिवारजनों के अनुसार देवांग बचपन से ही मेधावी, अनुशासित और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहे हैं।
गुजरात के महीसागर जिले के लुणावाड़ा में 14 सितंबर को सिविल जज के पद पर कार्यभार ग्रहण करने के बाद पहली बार दीपावली के अवसर पर न्यायाधीश के रूप में अपने पैतृक गांव कसार पहुंचे देवांग मुदगल का ग्रामीणों ने धूमधाम से स्वागत किया। उनके गांव पहुंचने पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। निवास पर दिनभर शुभचिंतकों और परिचितों का आना-जाना लगा रहा। परिवारजनों एवं ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर इस गौरवपूर्ण उपलब्धि की खुशियां साझा कीं। दीपावली के अवसर पर देवांग के गांव पहुंचने से उत्सव का उल्लास दोगुना हो गया।
मुदगल परिवार का विधि एवं सामाजिक क्षेत्र में लंबे समय से महत्वपूर्ण योगदान रहा है। राहुल देव मुदगल के दोनों छोटे भाई अधिवक्ता विनय मुदगल एवं अधिवक्ता रजनीश मुदगल भी विभिन्न उच्च न्यायालयों द्वारा जिला न्यायाधीश पद हेतु आयोजित न्यायिक सेवा परीक्षाओं में कई बार सफलता प्राप्त कर चुके हैं। देवांग की इस उपलब्धि ने परिवार की समृद्ध विधिक परंपरा को नई ऊंचाई प्रदान की है।
परिवार ने देवांग की सफलता का श्रेय दादा पंडित हुकम चंद मुदगल एवं दादी श्रीमती शकुंतला देवी शर्मा के मार्गदर्शन और आशीर्वाद, निरंतर साधना, उच्च संस्कारों तथा माता गायत्री की कृपा को दिया। इस अवसर पर डॉ. रती राम मुदगल ने कहा कि देवांग ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर न्यायाधीश का पद प्राप्त कर न केवल अपने गांव और परिवार का नाम रोशन किया है, बल्कि समाज के युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गए हैं। उनके उच्च संस्कार, अच्छा आचरण, ईमानदारी और न्यायप्रियता आमजन के हित में सिद्ध होंगे।
आचार्य एवं अधिवक्ता रजनीश मुदगल ने कहा कि समय पर किया गया उपनयन संस्कार और नित्य गायत्री मंत्र का जप बालक की प्रतिभा, आयु, कीर्ति, यश और बल में वृद्धि करता है। उन्होंने देवांग की सफलता को अथक परिश्रम, बड़ों के आशीर्वाद और गायत्री मंत्र साधना का प्रतिफल बताया।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्तियों, अधिवक्ताओं, शिक्षाविदों एवं समाजसेवियों ने देवांग मुदगल को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। सभी ने कहा कि उनकी उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणादायक है और यह साबित करती है कि समर्पण, अनुशासन तथा निरंतर परिश्रम से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि देवांग न्याय के पथ पर चलते हुए समाज और देश की सेवा करेंगे तथा अपने कर्तव्यों के निर्वहन में नई मिसाल कायम करेंगे।
इस अवसर पर सरपंच टोनी कुमार, दयानंद भगत, राजेश प्रधान, बलबीर सिंह, धर्मपाल, संजय मुदगल, कुलदीप, हरिचंद, मास्टर ईश्वर, ललित, दरोगा रमेश एवं विनोद सहित अनेक गणमान्य ग्रामवासी उपस्थित रहे।
