uk-champawat-sanskrit-kumbh

चंपावत, 09 नवंबर । आगामी हरिद्वार कुंभ मेले में संस्कृत भाषा को विशेष पहचान दिलाने की पहल की जा रही है। कुंभ क्षेत्र में सूचना पट्ट, दिशा-सूचक बोर्ड और विभिन्न स्लोगन संस्कृत भाषा में लिखने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही कुंभ में संस्कृत को तीसरी भाषा के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी काम किया जाएगा। यह जानकारी संस्कृत संस्थानम् के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री डॉ. नवीन चंद्र पंत ने टनकपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान दी।

एक दिवसीय चम्पावत दौरे पर टनकपुर पहुंचे राज्य मंत्री डॉ. पंत का भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

मीडिया से बातचीत में डॉ. पंत ने कहा कि संस्कृत केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारत की प्राचीन ज्ञान, संस्कृति और परंपरा की महत्वपूर्ण धरोहर है। इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए जरूरी है कि इसे धार्मिक और शैक्षणिक गतिविधियों तक सीमित न रखकर सार्वजनिक जीवन में भी अधिकाधिक स्थान दिया जाए। नई पीढ़ी को संस्कृत से जोड़ने के साथ ही इसके व्यावहारिक प्रयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता है।

उन्होंने बताया कि हरिद्वार कुंभ देश-दुनिया के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का बड़ा केंद्र है। ऐसे आयोजन में संस्कृत भाषा का उपयोग भारतीय सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने का प्रभावी माध्यम बन सकता है। इसी उद्देश्य से कुंभ क्षेत्र में संस्कृत भाषा के सूचना पट्ट, साइन बोर्ड और स्लोगन तैयार कराने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। संस्कृत को तीसरी भाषा के रूप में पहचान दिलाने की भी योजना है।

राज्य मंत्री ने कहा कि संस्कृत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए समाज की भागीदारी भी जरूरी है। भाषा को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय दैनिक व्यवहार और सार्वजनिक आयोजनों से जोड़ना होगा।

इस अवसर पर युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष मुकेश जोशी, जिला महामंत्री जतिन देऊपा, मंडल महामंत्री कुमुद जोशी, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष मनीष बिष्ट, मंडल अध्यक्ष बनबसा मनोज कश्यप, सुनील नरियाल, तनुज जोशी, राजेंद्र सिंह, नीतू बिष्ट, सनी यादव, नितिन डांगी, विनोद गढ़कोटी, सौरभ गुप्ता, राहुल कश्यप, विकास आर्य, मिलन सिंह और सुमित सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights