monuments-negi-dhanai

नई टिहरी, 09 नवंबर । उत्तराखंड राज्य बनाने के लिए शहादत देने वाले प्रतापनगर विधानसभा के धारकोट गांव निवासी शहीद राजेश नेगी और बंगद्वारा गांव की शहीद हंसा धनाई के स्मारक जीर्णशीर्ण बने हुए हैं। एक ओर राज्य गठन की 26वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है, वहीं दूसरी ओर शहीदों के स्मारकों की ऐसी दशा बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने स्मारक सुधारीकरण की मांग की है।

बता दें कि राज्य आंदोलन के दौरान धारकोट गांव के राजेश नेगी और बंगद्वारा गांव की हंसा धनाई ने सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनकी स्मृति में उनके गांवों में स्मारक बनाए गए। देखरेख के अभाव में दोनों गांवों में स्मारक अब जीर्णशीर्ण हो चुके हैं। धारकोट के पूर्व प्रधान गंभीर सिंह नेगी ने बताया कि हंसा धनाई ने मसूरी गोलीकांड में शहादत दी। जबकि राजेश नेगी ने मुजफ्फरनगर कांड में शहादत दी। बताया कि दोनों स्मारक बहुत की खराब दशा में है।

ग्रामीणों ने किसी तरह उन पर रंग-रोगन किया है। लेकिन अब वे टूटने लगे हैं। मूर्ति भी कई जगह टूट गई है, जिसे किसी तरह ठीक कराया गया। बताया कि धारकोट गांव में स्मारक मरम्मत और पुनर्निर्माण का प्रस्ताव ब्लॉक कार्यालय जाखणीधार से जिलाधिकारी कार्यालय को भेजा गया है। लेकिन अभी तक धनराशि स्वीकृत नहीं हुई है।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला ने शासन-प्रशासन से इस ओर कार्रवाई कर स्मारकों को ठीक करने की मांग की है। इस बाबत जाखणीधार के बीडीओ रोशन लाल का कहना है कि शहीद राजेश नेगी के स्मारक के पुनर्निर्माण का करीब 6.90 लाख रुपये का प्रस्ताव डीएम कार्यालय को भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू कराया जाएगा।

विधायक प्रतापनगर विक्रम नेगी ने कहा कि गत वर्ष धारकोट गांव में स्मारक सुधारीकरण और इस वर्ष बंगद्वारा में मरम्मत कार्य के लिए विधायक निधि से पैसा दिया है। जिसकी जल्द अपडेट ली जाएगी। शहीद गिरीश भद्री का भौनियाड़ा गांव जबकि हंसा धनाई का कंगसाली गांव में स्मृति द्वार बनाया जा रहा है। धारकोट गांव में शहीद राजेश का स्मृति द्वार पहले ही बना दिया है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights