up-pm-inaugurates-vindhyachal-

मीरजापुर, 17 जुलाई । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को देशभर में भारतीय रेल के आधुनिकीकरण, यात्री सुविधाओं के विस्तार और नई रेल परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शुभारंभ किया। इसी क्रम में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित विंध्याचल रेलवे स्टेशन का भी लोकार्पण किया गया। देश के 20 राज्यों में विकसित 75 अमृत भारत स्टेशनों में उत्तर प्रदेश के सात स्टेशन शामिल हैं, जिनमें विंध्याचल भी प्रमुख है।

करीब 23.24 करोड़ रुपये की लागत से विंध्याचल स्टेशन का कायाकल्प किया गया है। स्टेशन पर तीन प्लेटफॉर्म, आधुनिक फुटओवर ब्रिज, तीनों प्लेटफॉर्म पर एस्केलेटर, लिफ्ट, बेहतर पार्किंग, आधुनिक साइनेज, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, सीसीटीवी निगरानी, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, व्हीलचेयर, रैंप, आधुनिक शौचालय और उन्नत प्रकाश व्यवस्था विकसित की गई है। वर्तमान में यहां से 22 जोड़ी मेल-एक्सप्रेस और तीन पैसेंजर ट्रेनों का संचालन होता है।

प्रधानमंत्री ने पंजाब में दौलतपुर चौक-करतोली नई रेल लाइन का उद्घाटन करने के साथ करतोली-अंबाला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। वहीं जींद-सोनीपत के बीच भारत की पहली हाइड्रोजन फ्यूल सेल आधारित ट्रेन का भी शुभारंभ किया। स्वदेशी तकनीक से विकसित यह 10 कोचों वाली ट्रेन शून्य कार्बन उत्सर्जन के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

विंध्याचल स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के प्राविधिक शिक्षा, उपभोक्ता संरक्षण एवं बाटमाप मंत्री आशीष पटेल मुख्य अतिथि रहे। नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी, पूर्व राज्यसभा सांसद रामसकल, भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। रेलवे की ओर से अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) एमएम वारिस, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरिमोहन तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights