union-minister-tribute-lokmanya-tilak

नई दिल्ली, 01 अगस्त । महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक और ‘स्वराज मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है’ का अमर उद्घोष देने वाले लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की पुण्यतिथि पर शनिवार को केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंंत्री ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को याद किया।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लोकमान्य तिलक ने जन-जन के मन में ‘पूर्ण स्वराज्य’ का मंत्र जागृत कर ब्रिटिश हुकूमत के विरुद्ध क्रांति की लौ प्रज्वलित की। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए उनके अनन्य प्रयास आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र की उन्नति और प्रगति के लिए पूरी सामर्थ्य के साथ कार्य करने की प्रेरणा देते रहेंगे।

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने लोकमान्य तिलक को भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन का महत्वपूर्ण स्तंभ बताते हुए उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि तिलक के निर्भीक व्यक्तित्व, राष्ट्रवादी पत्रकारिता और जनजागरण के प्रयासों ने करोड़ों भारतीयों को स्वतंत्रता आंदोलन से जोड़ा। स्वदेशी आंदोलन, शिक्षा के प्रसार और राष्ट्रीय चेतना को सशक्त बनाने में उनकी भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी।

आवास और शहरी मामलों के केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने तिलक के प्रसिद्ध उद्घोष “स्वराज मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है और मैं इसे लेकर रहूंगा” को याद करते हुए कहा कि उन्होंने स्वराष्ट्र, स्वभाषा और स्वसंस्कृति के सम्मान के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनका जीवन और विचार आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

केंद्रीय कानून एवं न्याय तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने लोकमान्य तिलक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने देशवासियों के मन में पूर्ण स्वराज्य की भावना जगाई और स्वतंत्रता आंदोलन को नई ऊर्जा प्रदान की। उन्होंने कहा कि तिलक का संघर्ष और राष्ट्रभक्ति भावी पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोकमान्य तिलक की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने स्वदेशी, स्वराज और राष्ट्रीय पुनर्जागरण की भावना को जन-जन तक पहुंचाया। उन्होंने गणेश उत्सव और छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती को राष्ट्रीय चेतना, सामाजिक समरसता और जनजागरण का माध्यम बनाया। उनका राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और सांस्कृतिक अस्मिता के प्रति समर्पण सदैव देशवासियों का मार्गदर्शन करता रहेगा।

आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोकमान्य तिलक को स्वतंत्रता आंदोलन का महानायक बताते हुए उन्हें सादर नमन किया। उन्होंने कहा कि “स्वराज मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है” का नारा देकर तिलक ने आजादी के आंदोलन को नई दिशा दी और वे आज भी हर देशवासी के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights