नीरज प्रजापति
तितावी थाने पहुंचकर पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री ने हादसे के पीड़ित परिवारों से की मुलाकात, हर संभव मदद का दिया भरोसा; मातम के बीच परिजनों को बंधाया ढांढस।
मुजफ्फरनगर। तितावी थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे जनपद को झकझोर कर रख दिया है। एक दर्दनाक दुर्घटना में छह लोगों की मौत से कई परिवारों की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। हादसे की खबर सामने आते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अपनों को खोने वाले परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस हृदयविदारक घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान थाना तितावी पहुंचे। उन्होंने हादसे से प्रभावित मृतकों के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और उनके दुख में सहभागी बनते हुए उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों की पीड़ा सुनी और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। डॉ. संजीव बालियान ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि छह लोगों की असमय मौत बेहद पीड़ादायक है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके दुख की भरपाई करना संभव नहीं है। ऐसे कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना और उन्हें हर संभव सहयोग देना बेहद जरूरी है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। किसी ने अपना बेटा खोया तो किसी के सिर से अपनों का साया उठ गया। घरों में पसरा मातम इस दुर्घटना की भयावहता बयां कर रहा है।
