प्रजापति समाज ने दुनिया को मिट्टी के बर्तनों की कला देकर सभ्यता को नई दिशा दी: मोहन प्रजापति
नीरज प्रजापति
मुजफ्फरनगर। भारतीय अति पिछड़ा वर्ग मोर्चा के टाउन हॉल स्थित कार्यालय में बुधवार को महाराजा दक्ष प्रजापति की जयंती श्रद्धा, आस्था और सामाजिक एकता के वातावरण में धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन से हुई। इसके बाद उपस्थित लोगों ने महाराजा दक्ष प्रजापति के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित समाज के लोगों ने महाराजा दक्ष प्रजापति के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन त्याग, परिश्रम, सृजन और मानव कल्याण का प्रतीक है। पूरे आयोजन में समाज के गौरवशाली इतिहास और आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति से जोड़ने का संदेश प्रमुखता से दिया गया।
भारतीय अति पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहन प्रजापति ने अपने संबोधन में कहा कि प्रजापति समाज सदियों से राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान, मेहनत और ईमानदारी की मिसाल रहा है। यह समाज अपने कर्म और संस्कारों के बल पर समाज में विशिष्ट पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि महाराजा दक्ष प्रजापति का नाम केवल एक महापुरुष के रूप में नहीं, बल्कि सृजन और सभ्यता के प्रतीक के रूप में सदैव याद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रजापति समाज ने मिट्टी के बर्तनों के निर्माण की कला विकसित कर मानव सभ्यता को रहने, भोजन बनाने और सुरक्षित रखने की नई दिशा प्रदान की। यह समाज सृजन, श्रम और विज्ञान का प्रतीक रहा है। उन्होंने समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे अपने गौरवशाली इतिहास पर गर्व करें और नई पीढ़ी को अपने महापुरुषों के आदर्शों से परिचित कराएं।
मोहन प्रजापति ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में शिक्षा ही सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि परिवारों में अच्छे संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का विकास ही समाज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि महाराजा दक्ष प्रजापति की जयंती केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने, अपनी विरासत को संजोने और नई पीढ़ी में आत्मगौरव का भाव जागृत करने का अवसर है। उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे समाज में शिक्षा, भाईचारे, सामाजिक समरसता और संगठन को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।
इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रभारी इंद्रमल प्रजापति, रामनिवास प्रजापति एडवोकेट, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश वालिया, पूर्व जिलाध्यक्ष बिट्टू प्रजापति, प्रभारी सुखपाल कश्यप, योगेंद्र प्रजापति, सहदेव प्रजापति, रविंद्र प्रजापति, श्याम सुंदर प्रजापति, रामनिवास पाल, मनोज प्रजापति सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन समाज की उन्नति, राष्ट्र की समृद्धि और आपसी भाईचारे की मंगलकामना के साथ हुआ।
