डीएम उमेश मिश्रा और एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने हजारों पुलिसकर्मियों को किया ब्रीफ, बोले भोले के भक्तों की सुरक्षा ही हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी, पूरे जनपद में अभेद सुरक्षा कवच तैयार
नीरज प्रजापति
मुजफ्फरनगर। भगवान भोलेनाथ के जयघोष और आस्था की महागंगा में डूबने जा रहे मुजफ्फरनगर ने कांवड़ यात्रा-2026 के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। करोड़ों शिवभक्तों की आस्था और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने जनपद सहित अन्य जिलों से आए पुलिस बल की भव्य ब्रीफिंग की। इस दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि कांवड़ यात्रा केवल एक ड्यूटी नहीं, बल्कि शिवभक्तों की सेवा का पवित्र अवसर है, जिसे पूरी निष्ठा, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ निभाना होगा।

ब्रीफिंग के बाद सभी पुलिसकर्मियों को उनके निर्धारित ड्यूटी प्वाइंटों के लिए रवाना किया गया। अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान हर श्रद्धालु को सुरक्षा, सम्मान और त्वरित सहायता उपलब्ध कराना पुलिस की पहली जिम्मेदारी होगी। पूरे जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को इस प्रकार मजबूत किया गया है कि किसी भी अप्रिय घटना, अफवाह या असामाजिक तत्व की हर गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

डीएम उमेश मिश्रा और एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने पुलिस बल को संबोधित करते हुए कहा कि मुजफ्फरनगर कांवड़ यात्रा का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव है। यहां से लाखों शिवभक्त गुजरते हैं, इसलिए प्रत्येक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी को धैर्य, संयम और सेवा भाव के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि शिवभक्तों के चेहरे पर मुस्कान और उनकी सुरक्षित यात्रा ही प्रशासन की सबसे बड़ी सफलता होगी।

ब्रीफिंग के दौरान पुलिस बल को सख्त निर्देश दिए गए कि सभी जवान पूर्ण अनुशासन और सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं। श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार रखें और जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराएं। यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले शरारती तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ-साथ संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार गश्त की जाए। वायरलेस और अन्य संचार माध्यमों से निरंतर संपर्क बनाए रखते हुए हर सूचना पर तुरंत प्रभावी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।

कांवड़ यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने जनपद को 9 सुपर जोन, 16 जोन, 89 सेक्टर और 141 सब-सेक्टर में विभाजित किया है। सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए एटीएस टीम, डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता (बीडीएस), एस-चेक टीम, फ्लड पीएसी और पीएसी की विशेष तैनाती की गई है। इसके अलावा त्वरित समन्वय और निगरानी के लिए 14 कंट्रोल रूम और 3 सब-कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शिव चौक, रामपुर तिराहा और शुक्रताल में तीन अस्थायी थाने स्थापित किए गए हैं, जबकि पूरे कांवड़ मार्ग पर 19 अस्थायी पुलिस चौकियां भी संचालित रहेंगी। इन व्यवस्थाओं के माध्यम से हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत एवं सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रशासन का लक्ष्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां हर शिवभक्त स्वयं को सुरक्षित, सम्मानित और सहज महसूस करे। मुजफ्फरनगर प्रशासन इस बार कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और दुर्घटनामुक्त बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर चुका है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा सहित जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।
