देश-प्रदेश में अमन, शांति और सामाजिक कुरीतियों के अंत की कामना लेकर निकले कांवड़िए, पूरा महादेव और गाजियाबाद के शिवालयों में होगा जलाभिषेक

नीरज प्रजापति

मुजफ्फरनगर। श्रावण मास में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला जब हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर जिला गाजियाबाद के शिवभक्त मुजफ्फरनगर पहुंचे। “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के गगनभेदी उद्घोषों से पूरा वातावरण शिवमय हो उठा। भगवा वस्त्रों में सजे शिवभक्तों की टोली ने पूरे उत्साह, अनुशासन और भक्ति भाव के साथ अपनी कांवड़ यात्रा जारी रखी।
शिवभक्त शिवम त्यागी, गौरव त्यागी, अंकुश त्यागी, मानु त्यागी और लकी पंडित ने एक स्वर में कहा कि उनकी यह कांवड़ यात्रा केवल व्यक्तिगत आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि देश और प्रदेश में फैली सामाजिक कुरीतियों के अंत, भाईचारे, सुख-समृद्धि तथा अमन-चैन की कामना के लिए समर्पित है। उनका विश्वास है कि भगवान भोलेनाथ की कृपा से समाज में प्रेम, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा।
शिवभक्तों ने बताया कि हरिद्वार से विधि-विधान के साथ उठाया गया पवित्र गंगाजल जिला गाजियाबाद के गांव मोरटा स्थित पुराने शिव मंदिर में अर्पित किया जाएगा, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार, समाज और राष्ट्र की खुशहाली की प्रार्थना की जाएगी। वहीं गौरव प्रजापति ने बताया कि उन्होंने हरिद्वार से लाया गया पवित्र गंगाजल ऐतिहासिक पूरा महादेव मंदिर में भगवान आशुतोष को अर्पित करने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि बाबा भोलेनाथ की असीम कृपा से हर वर्ष कांवड़ यात्रा पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ संपन्न होती है और इस बार भी वे पूरी भक्ति भावना के साथ अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं। पूरे मार्ग में शिवभक्तों के चेहरों पर अद्भुत उत्साह, भक्ति और आत्मविश्वास दिखाई दिया। बोल बम हर-हर महादेव और जय भोलेनाथ के जयघोषों से वातावरण लगातार गुंजायमान रहा। श्रद्धालु भगवान शिव की आराधना करते हुए अपने-अपने गंतव्य की ओर बढ़ते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Verified by MonsterInsights