नीरज प्रजापति

कांवड़ियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, 8 रोडवेज बसों समेत 14 वाहनों के चालान,मुजफ्फरनगर यातायात पुलिस का स्पष्ट संदेश, जान से बढ़कर नहीं है रफ्तार

मुजफ्फरनगर। श्रावण मास की पवित्र कांवड़ यात्रा के बीच जहां लाखों शिवभक्त “बोल बम” के जयघोष के साथ अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं, वहीं उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मुजफ्फरनगर यातायात पुलिस पूरी ताकत के साथ सड़कों पर डटी हुई है। तेज रफ्तार से हादसों को न्योता देने वालों के खिलाफ मंगलवार को ऐसा अभियान चला कि नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक यातायात के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी यातायात और यातायात प्रभारी के नेतृत्व में थाना नई मंडी क्षेत्र में ओवर स्पीडिंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान तेज रफ्तार से दौड़ रहे वाहनों को रोककर सघन जांच की गई और नियमों की अनदेखी करने वाले 14 वाहनों के चालान किए गए। इनमें 8 रोडवेज बसें भी शामिल रहीं, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि कानून सबके लिए समान है।
कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु दिन-रात पैदल यात्रा कर रहे हैं। ऐसे में एक लापरवाह चालक की तेज रफ्तार कई परिवारों की खुशियां उजाड़ सकती है। इसी गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरनगर यातायात पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि सड़क पर स्टंट, लापरवाही और ओवर स्पीडिंग अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि निर्धारित गति सीमा का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं, दोपहिया वाहन पर हेलमेट अवश्य पहनें, तीन सवारी न बैठाएं तथा धैर्य और जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाएं। पुलिस का कहना है कि “आपकी थोड़ी-सी सावधानी किसी की पूरी जिंदगी बचा सकती है।


मुजफ्फरनगर यातायात पुलिस का यह अभियान केवल चालान काटने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हर उस शिवभक्त और नागरिक की सुरक्षा का संकल्प है जो इन दिनों जनपद की सड़कों से होकर गुजर रहा है। सख्त कार्रवाई और सतत निगरानी के चलते आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ है और यह संदेश भी गया है कि कांवड़ यात्रा की पवित्रता और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights