मुद्ग़ल टाइम्स ब्यूरों

ग्राहक बनकर शोरूम में घुसीं महिलाएं, पलक झपकते ही जेवरातों पर किया हाथ साफ, लगभग पौने दो करोड़ रुपए आंकी गई कीमत।

छत्तीसगढ़। ग्राहक बनकर आने वाले हर शख्स पर भरोसा करना ज्वेलरी कारोबारियों को कितना भारी पड़ सकता है, इसकी सनसनीखेज तस्वीर सामने आई है। शातिर महिलाओं ने खरीदारी का बहाना बनाया और मौका मिलते ही करोड़ों रुपये के सोने के जेवरात समेटकर शोरूम से रफूचक्कर हो गईं। वारदात में करीब एक किलो सोना और 1 करोड़ 74 लाख रुपये के आभूषण चोरी होने की बात सामने आई है। इतनी बड़ी चोरी से सर्राफा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, मामला छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में संजय मार्केट के पास स्थित मोती ज्वेलर्स का है। दीपावली के दौरान बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी हुई थी। इसी भीड़ का फायदा उठाकर कुछ महिलाएं बच्चों के साथ ग्राहक बनकर ज्वेलरी शोरूम में पहुंचीं। उन्होंने सोने के आभूषण देखने की इच्छा जताई और दुकानदार से अलग-अलग डिजाइन दिखाने को कहा। दुकानदार महिलाओं को आभूषण दिखाने में व्यस्त हो गया। इसी दौरान कथित तौर पर महिलाओं ने आपसी तालमेल से उसका ध्यान दूसरी तरफ भटकाया। मौका मिलते ही एक महिला ने सोने के जेवरों से भरा डिब्बा उठाया और उसे अपने साथ लाए बैग में रख लिया। इसके बाद महिलाएं बच्चों के साथ सामान्य तरीके से दुकान से बाहर निकल गईं। किसी को तत्काल इस बात का अंदाजा तक नहीं हुआ कि शोरूम से इतनी बड़ी कीमत के जेवर गायब हो चुके हैं। शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में महिलाओं की गतिविधियां कैद होने की जानकारी सामने आई है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। बताया जा रहा है कि चोरी किए गए डिब्बे में एक किलोग्राम से अधिक वजन के सोने के आभूषण थे, जिनकी कीमत दुकान संचालक ने करीब 1 करोड़ 74 लाख रुपये से अधिक बताई है। घटना की जानकारी मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पुलिस महिलाओं और उनके साथ आए बच्चों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। साथ ही दुकान संचालक से चोरी हुए आभूषणों के बिल और अन्य दस्तावेज मांगे गए हैं, ताकि सोने की वास्तविक मात्रा और कीमत का मिलान किया जा सके। थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के अनुसार, मोती ज्वेलर्स में चोरी की सूचना मिली है और मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है। एक ओर करोड़ों का सोना लेकर महिलाएं फरार हो गईं, दूसरी ओर इस वारदात ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights