नीरज प्रजापति
मंसूरपुर क्षेत्र में सड़क किनारे गंभीर हालत में पड़े थे दो घायल, काफिला रुकवाकर खुद पहुंचे मौके पर और एम्बुलेंस बुलवाकर अस्पताल में कराया भर्ती।
मुजफ्फरनगर। सड़क पर हुए हादसे के बाद गंभीर हालत में पड़े दो घायलों को देखकर उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने अपना काफिला रुकवा दिया। उन्होंने प्रोटोकॉल और अपने निर्धारित कार्यक्रम से अधिक प्राथमिकता घायल लोगों की जिंदगी को दी और तत्काल मौके पर पहुंचकर उनकी स्थिति का जायजा लिया। मंत्री की इस तत्परता से दोनों घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। बताया गया कि राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप गाजियाबाद से मुजफ्फरनगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मंसूरपुर क्षेत्र में सड़क दुर्घटना के बाद दो व्यक्ति सड़क किनारे गंभीर अवस्था में पड़े दिखाई दिए। दुर्घटना का दृश्य देखते ही मंत्री ने बिना समय गंवाए अपना काफिला रुकवा दिया। इसके बाद वह स्वयं वाहन से उतरकर घायलों के पास पहुंचे और उनकी स्थिति देखी। मौके पर घायलों की हालत को गंभीर देखते हुए राज्यमंत्री ने तत्काल मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को घटना की जानकारी दी और घायलों को शीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मंत्री की सूचना के बाद एम्बुलेंस की व्यवस्था कराई गई, ताकि घायलों को बिना किसी देरी के अस्पताल पहुंचाया जा सके। एम्बुलेंस के मौके पर पहुंचने के बाद दोनों घायलों को स्ट्रेचर की सहायता से सुरक्षित तरीके से एम्बुलेंस तक पहुंचाया गया। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बीच मंत्री द्वारा स्वयं मौके पर रुककर घायलों की मदद किए जाने की घटना आसपास मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई। राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप का यह कदम सड़क दुर्घटनाओं के दौरान तत्काल सहायता और मानवीय संवेदनशीलता की अहमियत को भी सामने लाता है।
