नीरज प्रजापति

राज्यमंत्री सौमेन्द्र तोमर की अध्यक्षता में कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक, शिव चौक पहुंचकर कंट्रोल रूम का निरीक्षण, भोले के भक्तों पर पुष्पवर्षा कर दिया सेवा और सम्मान का संदेश

मुजफ्फरनगर। सावन माह की ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार को मुजफ्फरनगर में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में दिखाई दिया। विकास भवन सभागार में आयोजित जिला प्रशासन समन्वय समिति (कोर कमेटी) की महत्वपूर्ण बैठक में कांवड़ यात्रा की तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सौमेन्द्र तोमर ने की, जबकि जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने यात्रा से जुड़ी प्रत्येक व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक प्रारंभ होने से पहले गार्ड ऑफ ऑनर के साथ राज्यमंत्री सौमेन्द्र तोमर का सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।
बैठक के दौरान कांवड़ यात्रा के प्रत्येक पहलू पर गंभीरता से मंथन किया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, डायवर्जन प्लान, संवेदनशील स्थलों की निगरानी, पेयजल व्यवस्था, चिकित्सा सेवाएं, प्रकाश व्यवस्था, सफाई व्यवस्था, कंट्रोल रूम संचालन, आपदा प्रबंधन तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्पष्ट कहा गया कि करोड़ों शिवभक्तों की आस्था से जुड़ी इस यात्रा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाए।
राज्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि प्रदेश की पहचान और आस्था का महापर्व है। ऐसे में श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण, सुगम यातायात और सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि कंट्रोल रूम से लेकर फील्ड में तैनात प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी पूरी सतर्कता के साथ कार्य करें तथा किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक समाप्त होने के बाद मंत्रीगण, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान शिव चौक स्थित एकीकृत कंट्रोल रूम पहुंचकर निगरानी व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों, संचार प्रणाली और विभिन्न विभागों के समन्वय का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि यात्रा के दौरान प्रत्येक गतिविधि पर लगातार नजर रखी जाए और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मार्ग पर की गई बैरिकेडिंग, सुरक्षा इंतजाम, यातायात नियंत्रण, सफाई व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी व्यवस्थाएं लगातार सक्रिय रहें और किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने से पहले उसका समाधान कर लिया जाए।
इसके बाद सभी मंत्रीगण और वरिष्ठ अधिकारियों ने शिव चौक स्थित प्राचीन शिव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा जनपद और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं कांवड़ यात्रा के सकुशल और शांतिपूर्ण संपन्न होने की प्रार्थना की। पूजा-अर्चना के पश्चात शिव चौक से गुजर रहे हजारों शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया गया। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों द्वारा किए गए इस आत्मीय स्वागत से शिवभक्तों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरा वातावरण ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।
श्रद्धालुओं ने भी जिला प्रशासन और मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा किए गए सुरक्षा एवं सुविधा संबंधी व्यापक इंतजामों की सराहना करते हुए कहा कि यात्रा मार्ग पर बेहतर व्यवस्थाएं देखने को मिल रही हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Verified by MonsterInsights