jhs-till-november-nal-se-jal

झांसी, 23 सितंबर । उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के सभी गांवों में नवंबर माह तक हर घर नल से जल पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन के तहत संचालित पेयजल योजनाओं के संचालन एवं अनुरक्षण की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शत-प्रतिशत घरों तक पानी पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से ग्रामवार पेयजल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माणाधीन 10 ग्राम समूह पेयजल योजनाओं को नवंबर तक पूर्ण कर प्रत्येक गांव के हर घर में नल से जलापूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

इमलौटा, बरथरी और टहेरका ग्राम समूह पेयजल योजना का शत-प्रतिशत सत्यापन सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से ग्रामीणों से संवाद कर किया जाएगा। डीएम ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को मौके पर मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं।

समीक्षा में सामने आया कि लोक निर्माण विभाग के सड़क निर्माण कार्यों के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से आठ गांवों में जलापूर्ति बाधित है। डीएम ने नाराजगी जताते हुए लीकेज, कम फोर्स से ऊंचाई तक पानी नहीं पहुंचने और विद्युत संबंधी समस्याओं को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। नेनौरा, अड़जार, रमपुरा और टहेरका सहित प्रभावित गांवों में पाइपलाइन दुरुस्त कराने को कहा गया।

निर्माण खंड-3 के 31 रोड कटिंग मामलों में जल निगम द्वारा अब तक कार्य न किए जाने पर भी डीएम ने असंतोष जताया और शीघ्र कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सरकारी कार्यालयों, सीएचसी-पीएचसी, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा विद्यालयों में भी पेयजल कनेक्शन सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में एडीएम नमामि गंगे योगेंद्र कुमार, जल निगम व पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights