नीरज प्रजापति 

मुजफ्फरनगर। श्रावण मास में निकलने वाली पवित्र कांवड़ यात्रा को लेकर गोरख सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविंद्र नायक ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से श्रद्धापूर्ण अपील करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि भगवान भोलेनाथ के प्रति अटूट आस्था, संयम, सेवा और समर्पण का महापर्व है। इस दिव्य यात्रा की गरिमा और पवित्रता को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
रविंद्र नायक ने कहा कि करोड़ों शिवभक्त कठिन तप, अनुशासन और भक्ति भाव के साथ गंगाजल लेकर अपने आराध्य भगवान शिव का अभिषेक करने निकलते हैं। ऐसे में कुछ अराजक तत्वों द्वारा इस पावन यात्रा की मर्यादा भंग करने के प्रयास बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसे असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और उन्हें कांवड़ यात्रा से पूरी तरह दूर रखा जाए, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और श्रद्धामय वातावरण में संपन्न हो सके।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों के लिए सुरक्षा, स्वच्छता, चिकित्सा, पेयजल, यातायात और अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध कराई जाएं, जिससे किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
रविंद्र नायक ने विशेष रूप से विद्युत विभाग से अपील करते हुए कहा कि पूरी कांवड़ यात्रा के दौरान बिजली आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रखी जाए। मार्गों पर स्थापित सेवा शिविरों में हजारों स्वयंसेवक दिन-रात शिवभक्तों की सेवा में जुटे रहते हैं। ऐसे में निरंतर बिजली आपूर्ति से भोजन, पेयजल, प्रकाश, पंखों तथा अन्य आवश्यक सेवाओं का संचालन सुचारू रूप से होता रहेगा और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
गौरख सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविंद्र नायक ने अंत में कहा कि कांवड़ यात्रा सेवा, सद्भाव और सनातन संस्कृति का जीवंत स्वरूप है। सभी श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का स्मरण करते हुए अनुशासन बनाए रखें और प्रशासन भी इस महापर्व को सकुशल एवं भव्य बनाने के लिए हर संभव व्यवस्था सुनिश्चित करे। “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष के साथ यह पावन यात्रा सभी के लिए सुख, शांति और मंगल का संदेश लेकर आगे बढ़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights