वासु
हत्याकांड की भ्रमित पोस्ट करने में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी किया बरामद

26 अगस्त की शाम नाला पटरी पर कर चार बदमाशांे ने की थी अंकित बालियान की हत्या

शामली। शहर के चर्चित हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की सरेशाम हुई हत्या के मामले में शामली पुलिस को एक और बडी सफलता मिली है। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अंकित बालियान हत्याकांड की सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी लेने वाले एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। आरोपित ने अपने फोन का प्रयोग हत्याकांड की भ्रमित पोस्ट करने में इस्तेमाल किया था।
बुधवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी एनपी सिंह ने बताया कि 26 अगस्त को शामली के नाला पटरी पर हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की चार हथियारबंद बदमाशों ने गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पडताल करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। इस मामले में पुलिस ने दो बदमाशों मोहित व सुमित निवासी सोनीपत को मुठभेड में मार गिराया था जबकि दो अन्य की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि अंकित हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें एक व्यक्ति द्वारा अंकित की हत्या की जिम्मेदारी ली थी। पुलिस ने उक्त वीडियो का संज्ञान लेते हुए साइबर सेल थाना प्रभारी को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। वीडियो की जांच पडताल करने के बाद पता चला कि उक्त वीडियो भूपेन्द्र ढींगरा पुत्र मोहनलाल ढींगरा निवासी थर्ड क्रॉस, कल्लप्पा लेआउट, काशीनगर जनपद बेंगलुरू कर्नाटक हाल निवासी कृष्ण कालोनी जनपद गुडगांव हरियाणा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट की इंस्टाग्राम आईडी भूपेन्द्र ढींगरा से प्रसारित की थी। इसके बाद पुलिस टीम आरोपित की तलाश में जुट गयी। एसपी ने बताया कि साइबर क्राइम थाना पुलिस टीम ने आरोपित भूपेन्द्र ढींगरा को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।

सब्सक्राइबर बढाने के लिए की थी पोस्ट
शामली। पूछताछ में आरोपित भूपेन्द्र ढींगरा ने बताया कि वह भी वीडियो गानों में गायकी एवं अभिनय करता है तथा सोशल मीडिया इन्फ्लूएसर है। अधिक प्रसिद्धि हासिल करने एवं सोशल मीडिया पर अपने सब्सक्राइबर बढाने के लिए उसे यह जानकारी थी कि चर्चित घटनाओं से संबंधित पोस्ट प्रसारित करने पर सोशल मीडिया पर अधिक लोगों का ध्यान आकर्षित होता है, इसी लालच में उसने नशे की हालत में 27 अगस्त को अपनी इंस्टाग्राम आईडी से अंकित बालियान हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने संबंधित पोस्ट की थी। इसके बाद उसके सोशल मीडिया सब्सक्राइबर 28 से बढकर 7 हजार हो गए। उसने सोशल मीडिया पर अपने सब्सक्राइबर बढाने के लिए हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने संबंधित पोस्ट की थी। एसपी ने बताया कि आरोपित के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights