नीरज प्रजापति
किदवईनगर में बिजली विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी, मीटर केबल में कट लगाकर 19 किलोवाट बिजली चोरी पकड़ी, 40.08 फीसदी लाइन लॉस वाले फीडर पर मचा हड़कंप
मुजफ्फरनगर। बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विद्युत विभाग ने शनिवार को सुजडू विद्युत उपकेंद्र से जुड़े हाईलोस फीडर शामली रोड-खालापार के किदवईनगर क्षेत्र में बड़ा अभियान चलाया। विभागीय टीम ने सघन चेकिंग करते हुए बिजली चोरी का ऐसा खेल पकड़ा, जिसमें 11 उपभोक्ता मीटर की केबल में कट लगाकर सीधे बिजली का अवैध उपभोग करते मिले। जांच में कुल 19 किलोवाट विद्युत भार की चोरी सामने आई। विभाग ने सभी 11 उपभोक्ताओं के खिलाफ एंटी पावर थैफ्ट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
शासन के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में बिजली चोरी पर शिकंजा कसने के लिए यह कार्रवाई मुख्य अभियंता वितरण विनोद कुमार और अधीक्षण अभियंता विद्युत नगरीय वितरण मंडल सुधीर कुमार अग्रवाल के निर्देशन में की गई। अभियान का नेतृत्व अधिशासी अभियंता विद्युत नगरीय वितरण खंड (वाणिज्य-2) कुलदीप सिंह के नेतृत्व में विभागीय टीम ने किया।
टीम में सहायक अभियंता रेड अक्षय कुमार सिंह, अवर अभियंता रेड दिलीप यादव और अवर अभियंता रेड अखिलेश कुमार सरोज शामिल रहे। टीम ने किदवईनगर क्षेत्र में एक के बाद एक विद्युत कनेक्शनों की जांच शुरू की तो कई स्थानों पर बिजली चोरी के मामले सामने आए। जांच के दौरान उपभोक्ताओं द्वारा मीटर की केबल में कट लगाकर मीटर से छेड़छाड़ करते हुए विद्युत का अवैध इस्तेमाल किया जाना पाया गया।
अधिकारियों के मुताबिक जिस फीडर पर अभियान चलाया गया, उसका लाइन लॉस 40.08 प्रतिशत दर्ज है। अत्यधिक लाइन लॉस वाले इस फीडर को पहले से ही विभाग ने चिन्हित कर रखा था। इसी के चलते यहां लगातार निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार की कार्रवाई में 11 मामलों में बिजली चोरी सामने आने के बाद विभाग ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
केबल में कट लगाकर चल रही थी बिजली
जांच में सामने आया कि संबंधित उपभोक्ताओं ने मीटर की केबल में कट लगाकर विद्युत का अवैध उपभोग किया। विभागीय टीम ने मौके पर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और विद्युत चोरी के मामलों को दर्ज किया। कुल 19 किलोवाट विद्युत भार की चोरी पाए जाने के बाद सभी 11 उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत अधिनियम-2003 की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
एंटी पावर थैफ्ट थाने में दर्ज हुई एफआईआर
बिजली चोरी के मामलों में विभाग ने कार्रवाई को महज चेकिंग तक सीमित नहीं रखा। सभी 11 संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ एंटी पावर थैफ्ट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सघन अभियान जारी रहेगा।
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि बिजली चोरी जैसे दंडनीय अपराध से बचें और केवल विधिवत एवं अधिकृत कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का इस्तेमाल करें। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि जांच के दौरान बिजली चोरी पकड़े जाने पर संबंधित के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। हाईलोस फीडरों पर विभाग की निगरानी और सख्त की जा रही है, जिससे बिजली चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
