नीरज प्रजापति
27 अक्टूबर को मथुरा कूच की तैयारी, मेरठ-बुलंदशहर-अलीगढ़ होते हुए पहुंचेगी हिन्दू जन जागरण यात्रा; संतों और हिन्दू संगठनों की बैठक में तय होगी आगे की रणनीति
मुजफ्फरनगर। श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर एक बार फिर आंदोलन की सुगबुगाहट तेज हो गई है। मुजफ्फरनगर से मथुरा तक प्रस्तावित हिन्दू जन जागरण यात्रा के जरिए संत समाज और हिन्दू संगठनों को एक मंच पर लाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। अखिल भारत हिंदू महासभा और अंतर्राष्ट्रीय संत महासभा ने संयुक्त रूप से अक्टूबर में अभियान चलाने का ऐलान करते हुए 27 अक्टूबर को मथुरा पहुंचने का कार्यक्रम घोषित किया है। मथुरा में संतों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आंदोलन की आगामी रूपरेखा पर मंथन किया जाएगा।
मीडिया सेंटर में आयोजित संयुक्त प्रेसवार्ता में संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े मामले को लेकर उत्तर प्रदेश से व्यापक जनजागरण अभियान की शुरुआत की जाएगी। इसके बाद अभियान को देश के अन्य हिस्सों तक ले जाने की योजना है। प्रस्तावित यात्रा को लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां शुरू करने की बात कही गई।
अंतर्राष्ट्रीय संत महासभा के मुख्य संरक्षक एवं अखिल भारत हिंदू महासभा उच्चाधिकारी समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य मदन जी महाराज तथा संत महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष महामंडलेश्वर हर मनोज दास ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि के विषय को लेकर व्यापक स्तर पर आंदोलन की आवश्यकता महसूस की जा रही है। उन्होंने मंदिर निर्माण के लिए कारसेवा अभियान शुरू करने की घोषणा भी की।
मुजफ्फरनगर से मथुरा तक बनेगा जनजागरण का रास्ता
अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष योगेंद्र वर्मा और उत्तर भारत अध्यक्ष चिराग सिंह ने बताया कि अक्टूबर में मुजफ्फरनगर से मथुरा तक हिन्दू जन जागरण यात्रा प्रस्तावित है। यात्रा मुजफ्फरनगर से प्रारंभ होकर मेरठ, बुलंदशहर और अलीगढ़ से होते हुए मथुरा पहुंचेगी। संगठन का कहना है कि यात्रा के माध्यम से लोगों को श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े विषय की जानकारी देने के साथ हिन्दू संगठनों और संत समाज को अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
27 अक्टूबर को मथुरा में संतों का जुटान
पदाधिकारियों के मुताबिक 27 अक्टूबर को मथुरा पहुंचने के बाद श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना का कार्यक्रम रहेगा। इसके बाद मथुरा, वृंदावन, बरसाना, गोकुल और गोवर्धन क्षेत्र के वैष्णव आचार्यों तथा साधु-संतों के साथ महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है।
बैठक में श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े न्यायिक मामले में हिंदू पक्ष से जुड़े याचिकाकर्ताओं को भी शामिल किए जाने की बात कही गई है। संगठन के अनुसार बैठक का मुख्य उद्देश्य आंदोलन की आगामी दिशा तय करना और अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने के लिए रणनीति तैयार करना होगा।
उत्तर प्रदेश से देशभर तक अभियान ले जाने की तैयारी
आचार्य मदन जी महाराज ने कहा कि अभियान में पहले उत्तर प्रदेश के लोगों को जोड़ा जाएगा और इसके बाद देशभर के सनातन समाज तक इसे पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। वहीं महामंडलेश्वर हर मनोज दास ने आंदोलन को लेकर कहा, “याचना नहीं अब रण होगा, संग्राम बड़ा भीषण होगा।”
प्रेसवार्ता में पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित अभियान को केवल एक स्थान तक सीमित रखने के बजाय व्यापक स्तर पर सक्रिय करने की तैयारी है। इसके लिए संत समाज, हिन्दू संगठनों और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों से संपर्क कर उन्हें अभियान से जोड़ने की बात कही गई।
प्रेसवार्ता में आचार्य मदन जी महाराज, पेरकर्षन महाराज, महामंडलेश्वर मनोज हरदास, योगेंद्र वर्मा, चिराग सिंह, विवाह आचार्य अजय कृष्ण, अमरीश त्यागी, साक्षी वर्मा, युग ठाकुर, अरुण चौधरी, एडवोकेट बृज भूषण शर्मा, सोना सिंह, धर्मेश कुमार, सचिन कुमार, मनोज कुमार, संदीप मित्तल और युवा जिलाध्यक्ष अभिषेक सैनी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
