नीरज प्रजापति
नई मंडी पुलिस ने अंतरजनपदीय गिरोह के छह शातिरों को दबोचा, पांच तमंचे, कारतूस, 125 किलो एल्युमिनियम पार्ट्स, बिजली तार के बंडल और दो कारें बरामद
मुजफ्फरनगर। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विद्युत तार, ट्रांसफार्मर और बिजली उपकरणों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरजनपदीय गिरोह पर नई मंडी पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरोह के छह शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान तीन बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हुए, जबकि तीन अन्य को पुलिस ने कांबिंग अभियान चलाकर दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पांच अवैध तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस, चोरी किया गया ट्रांसफार्मर का करीब 110 किलोग्राम एल्युमिनियम तार, करीब 125 किलोग्राम एल्युमिनियम पार्ट्स, विद्युत तार के दो बंडल और वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो व वैगनआर कार बरामद की गई हैं।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक ने पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता कर कार्रवाई का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि जनपद में लगातार सामने आ रही विद्युत तार, ट्रांसफार्मर और विद्युत उपकरण चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में पुलिस टीमों को लगाया गया था। इसी अभियान के दौरान नई मंडी पुलिस को 11 सितंबर की रात मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली।
मुखबिर ने पुलिस को बताया कि अंतरजनपदीय चोर गिरोह के कुछ सदस्य एनएच-58 पर बागोवाली के पास आयशर वर्कशॉप के पीछे चोरी का माल बेचने के लिए एकत्रित हैं। सूचना मिलते ही नई मंडी पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग करते हुए मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा कर बदमाशों की दोबारा घेराबंदी की और उन्हें आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी।
पुलिस के अनुसार, चेतावनी के बावजूद बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीन बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने घायल अवस्था में चांद उर्फ समर, दानिश और कय्यूम को गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में कांबिंग अभियान चलाया, जिसमें तीन अन्य बदमाश चेतन चौधरी, अली उर्फ इकबाल अहमद और मोनिश खान को भी दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चांद उर्फ समर पुत्र मौ. उमर निवासी ताज कॉलोनी, मसूरी, गाजियाबाद, दानिश निवासी यासीन गढ़ी वार्ड-1, डासना, गाजियाबाद, कय्यूम पुत्र नईम निवासी ईशाक नगर गली नंबर-5, डासना, गाजियाबाद, चेतन चौधरी पुत्र उपेन्द्र चौधरी निवासी ग्राम चिपियाना बुजुर्ग, थाना बिसरख, गौतमबुद्धनगर, अली उर्फ इकबाल अहमद पुत्र कमाल अहमद निवासी चिपियाना बुजुर्ग, गौतमबुद्धनगर और मोनिश खान पुत्र मतलूब अहमद निवासी चरण सिंह कॉलोनी, प्रताप विहार, थाना विजय नगर, गाजियाबाद के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के पांच अवैध तमंचे, पांच जिंदा कारतूस और पांच खोखा कारतूस, विद्युत तार के दो बंडल, ट्रांसफार्मर से चोरी किया गया करीब 110 किलोग्राम एल्युमिनियम तार तथा करीब 125 किलोग्राम एल्युमिनियम पार्ट्स बरामद हुए। इसके अलावा चोरी की वारदातों में इस्तेमाल की जा रही एक स्कॉर्पियो और एक वैगनआर कार भी पुलिस ने कब्जे में ली।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विद्युत तार, ट्रांसफार्मर और बिजली उपकरणों की चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह से जुड़े हैं। गिरोह के सदस्य सुनसान स्थानों पर लगे विद्युत उपकरणों और ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाकर उनका कीमती सामान निकालते थे। इसके बाद चोरी के माल को ठिकाने लगाने का काम किया जाता था।
छह आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क की गहराई से पड़ताल में जुट गई है। आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों, चोरी का माल खरीदने वालों तथा मुजफ्फरनगर और आसपास के जनपदों में अंजाम दी गई पुरानी वारदातों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए भी कार्रवाई जारी है। नई मंडी पुलिस की इस कार्रवाई से विद्युत चोरी करने वाले गिरोहों में हड़कंप मचा हुआ है।
