मनीष अग्रवाल
सहारनपुर । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन सिंह सहारनपुर एव मुख्य अग्निश्मन अधिकारी प्रताप सिंह तथा अन्य पुलिस अधिकारियों द्वारा नवीन फायर टेंडर को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जनपद सहारनपुर की अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जनपद को एक नया अत्याधुनिक फायर टेंडर उपलब्ध कराया गया है। एसएसपी ने बताया कि 18,000 लीटर जल क्षमता वाले इस अत्याधुनिक फायर टेंडर की अग्निशमन प्रणाली लगभग 3,200 लीटर प्रति मिनट पानी प्रक्षेपित करने की क्षमता रखती है। उच्च क्षमता वाले इस फायर टेंडर के उपलब्ध होने से बड़े अग्निकांडों के दौरान आग पर त्वरित एवं प्रभावी ढंग से काबू पाने में अग्निशमन विभाग को महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।जनपद सहारनपुर में बड़ी संख्या में औद्योगिक क्षेत्र एवं लकड़ी के बड़े-बड़े कारखाने हैं, जहां आगजनी की घटनाओं की संभावना बनी रहती है। ऐसी परिस्थितियों में उच्च क्षमता वाले फायर टेंडर की उपलब्धता से जनपद की अग्निशमन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्य और अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।नवीन एवं आधुनिक अग्निशमन उपकरण उपलब्ध होने से मुख्य अग्निशमन अधिकारी एवं पूरी फायर सर्विस टीम की कार्यक्षमता एवं दक्षता में और वृद्धि होगी, साथ ही अग्निशमन कर्मियों का मनोबल भी मजबूत होगा। जनपद की अग्निशमन व्यवस्था को लगातार आधुनिक एवं सुदृढ़ बनाने के लिए भविष्य में भी मुख्यालय स्तर से नवीनतम उपकरण एवं संसाधन उपलब्ध कराने के प्रयास जारी रहेंगे, ताकि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में जन-धन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
