up-mirjapur-haritalika-tij-dangal

मीरजापुर, 14 सितंबर । उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में हरतालिका तीज के अवसर पर सोमवार को पड़री स्थित जूनियर हाईस्कूल के मैदान में राघवेंद्र रामलीला समिति के तत्वावधान में अंतर्जनपदीय विराट कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। इसमें मीरजापुर, वाराणसी, चंदौली, भदोही, प्रयागराज, जौनपुर और बिहार के पहलवानों ने दमखम दिखाया। पहलवानों के शानदार दांव-पेच पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।

मुख्य अतिथि भदोही सांसद डॉ. विनोद बिंद और विशिष्ट अतिथि समाजसेवी प्रदीप सिंह ने पहलवानों से परिचय प्राप्त कर दंगल का शुभारंभ किया। पहली कुश्ती में मुगलसराय के धर्मेंद्र ने बिहार के दरभंगा निवासी मृत्युंजय को हराकर 11 हजार रुपये का पुरस्कार जीता। वाराणसी के पिंटू ने प्रयागराज के राजू को शिकस्त दी। भदोही के महेंद्र और वाराणसी के संतोष के बीच मुकाबले में संतोष विजयी रहे और छह हजार रुपये का पुरस्कार हासिल किया। चकिया के प्रदीप और मीरजापुर के बेचूबीर की कुश्ती बराबरी पर छूटी। वाराणसी के कमलेश और मीरजापुर के सिद्धी निवासी रमेश के बीच मुकाबला भी बराबरी पर रहा।

पड़री के सूरज पहलवान ने चंदौली के अचल यादव को पटखनी देकर पांच हजार रुपये का पुरस्कार जीता। प्रयागराज के रिंकू ने जौनपुर के मनोज, मीरजापुर के जोगेंद्र ने वाराणसी के दीपक और चुनार के टमाटर पहलवान ने चकिया के मनोज को हराया। दंगल में करीब 40 कुश्तियां हुईं। समिति की ओर से विजेता और उपविजेता पहलवानों को डेढ़ लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि दी गई। सांसद डॉ. विनोद बिंद ने कहा कि पहलवानों को किसी को हराने के नहीं, बल्कि जीत हासिल करने के उद्देश्य से मैदान में उतरना चाहिए। मजबूत इरादा, कड़ी मेहनत और स्वयं से किया वादा सफलता की तीन कुंजी हैं।

निर्णायक की भूमिका भीम सिंह, वंशीधर सिंह और रामदेव सरोज ने निभाई। प्रधानसंघ के ब्लॉक अध्यक्ष व्यासजी बिंद ने अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान पंचदेव सिंह, मंटू चौबे, मंगला राय, रामसागर भारती, देवमणि दुबे समेत बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। सुरक्षा के लिए उपनिरीक्षक अवधेश सिंह पुलिस बल के साथ तैनात रहे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights