29 जुलाई से सजेगा शिवभक्तों की सेवा का महायज्ञ
आनंद भवन में 33वें विराट कांवड़ सेवा शिविर में 14 दिनों तक लाखों कांवड़ियों की होगी निस्वार्थ सेवा
नीरज प्रजापति
मुजफ्फरनगर। सावन की पावन बेला और भगवान भोलेनाथ की भक्ति से सराबोर कांवड़ यात्रा के दौरान एक बार फिर सेवा, समर्पण और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। क्रांति सेना के तत्वावधान में रुड़की रोड स्थित आनंद भवन शिव मंदिर, लक्ष्मी नगर में 29 जुलाई (गुरु पूर्णिमा) से 11 अगस्त 2026 तक 33वें विराट कांवड़ सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। गुरु पूर्णिमा के शुभ अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शिविर का शुभारंभ होगा।
क्रांति सेना के संस्थापक एवं अध्यक्ष ललित मोहन शर्मा ने बताया कि यह शिविर केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि भगवान शिव के अनन्य भक्तों की सेवा का महापर्व है। पिछले 32 वर्षों से निरंतर संचालित यह सेवा शिविर लाखों कांवड़ियों के लिए आस्था, विश्वास और अपनत्व का केंद्र बना हुआ है। इस वर्ष भी देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले शिवभक्तों की सेवा पूरे समर्पण और श्रद्धाभाव से की जाएगी।
उन्होंने बताया कि शिविर में चौबीसों घंटे निःशुल्क चाय, दूध, शीतल पेयजल, पौष्टिक भोजन, जलपान और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। सेवा दल के स्वयंसेवक दिन-रात शिवभक्तों की सहायता में जुटे रहेंगे, ताकि कोई भी कांवड़िया यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करे।
ललित मोहन शर्मा ने कहा कि कांवड़ियों की सेवा करना ही साक्षात भगवान भोलेनाथ की आराधना है। इसी भावना के साथ स्थानीय व्यापारी, समाजसेवी, युवा और अनेक सहयोगी हर वर्ष तन, मन और धन से इस सेवा यज्ञ में अपनी भागीदारी निभाते हैं। इस बार भी अधिक से अधिक श्रद्धालुओं तक सेवा पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।
क्रांति सेना ने जिले के समाजसेवियों, दानदाताओं और श्रद्धालुओं से आह्वान किया है कि वे इस पुण्य अवसर पर सेवा का हिस्सा बनें और भोलेनाथ के भक्तों की सेवा कर अपने जीवन को धन्य बनाएं। आयोजन समिति के पदाधिकारी और स्वयंसेवक पूरे उत्साह के साथ शिविर की सभी व्यवस्थाओं में जुटे रहेंगे।
