स्मार्ट मीटर पर भड़का जनाक्रोश: नगर पालिका में गरजा भाकियू सर्वसमाज
–जनता की मर्जी के खिलाफ नहीं चलेगी मनमानी: नदीम खान
–ऊर्जा मंत्री के बयान को दरकिनार करने का आरोप, 2027 में सत्ता बदलने की चेतावनी
मुजफ्फरनगर। स्मार्ट मीटर के विरोध में सोमवार को नगर पालिका परिसर में उस समय माहौल गरमा गया जब भारतीय किसान मजदूर सर्वसमाज के बैनर तले सैकड़ों लोगों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने विभाग पर मनमानी और उपभोक्ताओं के अधिकारों का हनन करने के गंभीर आरोप लगाए। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रतिनिधि नदीम खान ने कहा कि ऊर्जा मंत्री द्वारा पहले स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि किसी भी उपभोक्ता को जबरन स्मार्ट मीटर लगाने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा। इसके बावजूद बिजली विभाग ने इन आदेशों को ठेंगा दिखाते हुए उपभोक्ताओं की अनुपस्थिति में भी स्मार्ट मीटर लगवा दिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जब लोगों ने इसका विरोध किया तो अधिकारियों ने उल्टा मंत्री के आदेश का हवाला देते हुए विरोध को दबाने की कोशिश की। इतना ही नहीं, मंत्री के बयान को “एआई जनरेटेड” बताकर भ्रम फैलाने का भी आरोप लगाया गया, जिससे जनता में और अधिक आक्रोश फैल गया।
नदीम खान ने कहा कि स्मार्ट मीटर पूरे प्रदेश की जनता के लिए “जी का जंजाल” बन चुके हैं। लोगों को भारी बिजली बिल, तकनीकी गड़बड़ियों और पारदर्शिता की कमी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या जनता को भाजपा सरकार को दोबारा सत्ता में लाने की “सजा” मिल रही है?
प्रदर्शनकारियों ने ऊर्जा मंत्री से दोबारा स्पष्ट बयान जारी करने की मांग की, जिसमें यह साफ किया जाए कि जो उपभोक्ता स्मार्ट मीटर नहीं चाहते, उन्हें मजबूर न किया जाए और जो मीटर लग चुके हैं, उन्हें हटवाने का विकल्प भी दिया जाए। संगठन ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही इस मुद्दे पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेश की जनता 2027 के चुनाव में इसका जवाब देगी और सरकार बदलने के लिए बाध्य होगी। नदीम खान राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रतिनिधि ने कहा कि स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर बढ़ता जनाक्रोश आने वाले समय में एक बड़े आंदोलन का रूप ले सकता है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights