नीरज प्रजापति
योगी सरकार में भी वाहन चोरों के हौसले बुलंद, सड़क पर खड़ी सीडी डीलक्स बाइक लेकर फरार हुए अज्ञात चोर।
मुजफ्फरनगर। जनपद में वाहन चोरों के बढ़ते दुस्साहस ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर की गांधी कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने इस बार वरिष्ठ पत्रकार ऋषिराज राही की बाइक को निशाना बनाते हुए सरेराह चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। सड़क पर खड़ी बाइक को चोर बड़ी आसानी से लेकर फरार हो गए और किसी को भनक तक नहीं लगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पत्रकार ऋषिराज राही की सीडी डीलक्स बाइक संख्या UP 12 AR 8885 गांधी कॉलोनी क्षेत्र में सड़क पर खड़ी थी। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मौका पाकर बाइक पर हाथ साफ कर दिया। जब ऋषिराज राही वापस पहुंचे तो मौके से बाइक गायब देखकर उनके होश उड़ गए। आसपास काफी तलाश और जानकारी करने के बावजूद बाइक का कोई सुराग नहीं लग सका। इस घटना ने एक बार फिर शहर में वाहन चोरों की सक्रियता को उजागर कर दिया है। सवाल यह है कि आखिर चोरों के हौसले इतने बुलंद कैसे हैं कि वे शहर के रिहायशी इलाकों और सड़कों से खुलेआम वाहन चोरी करने से भी नहीं हिचक रहे हैं, यदि शहर के प्रमुख इलाकों में खड़े वाहन ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम नागरिक अपनी संपत्ति की सुरक्षा को लेकर किस पर भरोसा करें। वरिष्ठ पत्रकार की बाइक चोरी होने की घटना से पत्रकार जगत में भी नाराजगी है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल बाइक की तलाश कराने, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और अज्ञात चोरों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
