मुजफ्फरनगर में ओबीसी और महिला सशक्तिकरण पर मंथन, साध्वी निरंजनी ज्योति का भव्य स्वागत
मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय ओबीसी आयोग की नव निर्वाचित अध्यक्षा साध्वी निरंजनी ज्योति का शहर के कोर्ट रोड स्थित उद्योगपति अमित प्रकाश एवं सुनयना प्रकाश (सदस्य, सलाहकार समिति राष्ट्रीय महिला आयोग) के आवास पर भव्य आगमन हुआ। इस दौरान ओबीसी वर्ग की सामाजिक, शैक्षिक एवं राजनीतिक भागीदारी को और अधिक सशक्त एवं प्रभावशाली बनाने को लेकर गहन एवं सार्थक चर्चा हुई। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने भी ओबीसी समाज से जुड़ी जमीनी समस्याओं, महिला वंदन अधिनियम और समाज में महिलाओं की बढ़ती भूमिका को लेकर साध्वी निरंजनी ज्योति के साथ विस्तार से विचार-विमर्श किया। इस महत्वपूर्ण वार्ता के दौरान साध्वी निरंजनी ज्योति ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि समाज की वास्तविक उन्नति तभी संभव है जब महिलाएं केवल भागीदारी तक सीमित न रहकर नेतृत्व की भूमिका में आगे आएं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया, सामाजिक नेतृत्व और राजनीतिक प्रतिनिधित्व में प्रमुख स्थान दिलाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुकी है। उन्होंने आगे कहा कि महिलाओं की प्रतिष्ठा, सक्रिय भागीदारी और नेतृत्व को बढ़ावा देना ही एक समृद्ध, समावेशी और आत्मनिर्भर समाज की पहचान है। साथ ही उन्होंने महिलाओं की नेतृत्व क्षमता को राष्ट्र निर्माण का मजबूत आधार बताया। इस अवसर पर सुनयना प्रकाश ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि यह संवाद केवल विचार-विमर्श तक सीमित नहीं है, बल्कि मुजफ्फरनगर में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देने के लिए एक ठोस रूपरेखा तैयार करने की शुरुआत है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब समय आ गया है कि नई सोच और ठोस योजनाओं के साथ महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाया जाए। कार्यक्रम में शहर के कई गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही, जिससे यह आयोजन एक महत्वपूर्ण सामाजिक एवं वैचारिक मंच के रूप में उभरकर सामने आया।
