भक्ति और उत्साह का महासंगम: मुजफ्फरनगर में गूंजेगा “श्री श्याम अखाड़ा महोत्सव”, निकलेगी भव्य निशान यात्रा
मुजफ्फरनगर। धार्मिक आस्था, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम इस बार मुजफ्फरनगर में देखने को मिलेगा, जब श्री खाटू श्याम सेवा प्रचार समिति रजि द्वारा “श्री श्याम अखाड़ा महोत्सव” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन को लेकर समिति पदाधिकारियों ने जानसठ रोड स्थित दर्पण बैंकेट हॉल में प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी साझा की और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। समिति अध्यक्ष विकास गोयल ने बताया कि 11 अप्रैल को प्रातः 08:00 बजे मनोकामना पूर्ण निशान यात्रा का शुभारंभ शिव चौक से किया जाएगा। यह भव्य यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों झांसी की रानी चौक, नई मंडी पुल, गौशाला रोड से होते हुए खाटू श्याम मंदिर गणपति धाम पर जाकर सम्पन्न होगी। यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन, झांकियां और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना देगी।
वहीं, 12 अप्रैल को सायं 07:30 बजे नई मंडी रामलीला भवन में “श्री श्याम अखाड़ा” का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से प्रसिद्ध भजन गायक अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। पंजाब से विजय महाराज, पहाड़गंज से सूरेश चन्द गुप्ता, जयपुर से सौरव शर्मा और दिल्ली से साहिल सांवरा अपने मधुर भजनों से बाबा श्याम की महिमा का गुणगान करेंगे।
इस विशेष अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए बाबा श्याम का आकर्षक दरबार सजाया जाएगा, जहां भव्य दर्शन के साथ इत्र वर्षा का दिव्य अनुभव भी मिलेगा। साथ ही, सभी भक्तों के लिए भोजन प्रसाद की उत्तम व्यवस्था भी की गई है, जिससे आयोजन में आने वाले हर श्रद्धालु को आध्यात्मिक और सामाजिक संतोष प्राप्त होगा। प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व राज्य मंत्री महेश बंसल, पुनीत गोयल, विनय गोयल, गौरव वर्मा, यश कुमार गोयल, अनुपम जैन, गौरव बंसल, नीरज चौधरी, अनुरूप सिंघल, अर्पित बंसल, विनीत अग्रवाल, पवन अग्रवाल, यश गर्ग, अमित मित्तल, आयुष गोयल, विकास वर्मा, चिराग अग्रवाल, अंकित गर्ग, रॉबिन जैन, अश्वनी शर्मा, सार्थक गुप्ता और अंशुल अरोरा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को मजबूती देगा, बल्कि समाज में एकता, प्रेम और भाईचारे का संदेश भी फैलाएगा। बताया गया कि पूरे शहर में इस महोत्सव को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और श्रद्धालु बेसब्री से इन दिव्य पलों का इंतजार कर रहे हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights