सियासत में नई दस्तक: सामाजिक न्याय पार्टी का गठन, ई. देवेंद्र कश्यप का ऐलान,गरीब मजदूर और वंचितों की आवाज बनेगी नई ताकत
–रुड़की रोड स्थित होटल ग्रीन एप्पल में प्रेस वार्ता, कांग्रेस और भाजपा पर साधा निशाना, 100 सीटों पर चुनाव लड़ने का बड़ा दावा
मुजफ्फरनगर। जनपद की सियासत में एक नई राजनीतिक शक्ति के रूप में ‘सामाजिक न्याय पार्टी’ ने दस्तक दे दी है। रुड़की रोड स्थित होटल ग्रीन एप्पल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ई. देवेंद्र कश्यप ने पार्टी के गठन की औपचारिक घोषणा करते हुए कहा कि यह दल देश और प्रदेश के उन लाखों-करोड़ों लोगों की आवाज बनेगा, जिन्हें अब तक केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया गया, लेकिन उनके हक और अधिकारों को नजरअंदाज किया गया। प्रेस वार्ता के दौरान माहौल पूरी तरह राजनीतिक जोश से भरा नजर आया। बड़ी संख्या में मौजूद समर्थकों और कार्यकर्ताओं के बीच ई. देवेंद्र कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि सामाजिक न्याय पार्टी का उद्देश्य सिर्फ चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि एक मजबूत सामाजिक आंदोलन खड़ा करना है, जो गरीब, मजदूर, शोषित और वंचित वर्ग के अधिकारों की लड़ाई को नई दिशा देगा। इस दौरान ई. देवेंद्र कश्यप ने अपने भाषण में देश की मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज की राजनीति में गरीब और मजदूर वर्ग की समस्याएं केवल भाषणों तक सीमित रह गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े-बड़े राजनीतिक दल चुनाव के समय तो वादों की झड़ी लगा देते हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन वादों को भूल जाते हैं।
उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय पार्टी का गठन इसी अन्याय और उपेक्षा के खिलाफ एक सशक्त आवाज के रूप में किया गया है, जो न केवल जनता की समस्याओं को उठाएगी बल्कि उनके समाधान के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी। अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए ई. देवेंद्र कश्यप ने खुलकर बताया कि उन्होंने वर्षों तक कांग्रेस पार्टी के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने गरीबों, मजदूरों और वंचितों के मुद्दों को लगातार पार्टी के सामने रखा, लेकिन पार्टी हाईकमान द्वारा उनकी बातों को अनसुना कर दिया गया।
इसके बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का रुख किया, इस उम्मीद के साथ कि वहां उनकी आवाज को महत्व मिलेगा और गरीबों को न्याय दिलाने का अवसर मिलेगा। लेकिन उन्होंने निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा में भी उनकी स्थिति “ढाक के तीन पात” जैसी ही रही और वहां भी आम आदमी की समस्याओं पर कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई। ई. देवेंद्र कश्यप ने कहा कि देश की मौजूदा राजनीति में दोहरे मापदंड अपनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ जनता से बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, वहीं दूसरी तरफ जमीनी स्तर पर कोई ठोस काम नहीं होता। सामाजिक न्याय पार्टी इसी दोगली राजनीति को बेनकाब करने और जनता को सच्चाई से अवगत कराने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि यह पार्टी नेताओं को भी आईना दिखाएगी और उन्हें जमीनी हकीकत से रूबरू कराएगी, ताकि राजनीति में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके। प्रेस वार्ता के दौरान कई प्रमुख लोगों ने सामाजिक न्याय पार्टी की सदस्यता ग्रहण की जिसमें विनोद गुर्जर, जान मोहम्मद और मनजीत समेत अन्य लोगों ने पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर इसका दामन थामा।
इन सभी ने एकजुट होकर गरीबों और वंचितों के अधिकारों के लिए संघर्ष करने का संकल्प लिया और कहा कि वे ई. देवेंद्र कश्यप के नेतृत्व में कंधे से कंधा मिलाकर पार्टी को मजबूत बनाएंगे। इसके अलावा ई. देवेंद्र कश्यप ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर बड़ा और साहसिक दावा करते हुए कहा कि सामाजिक न्याय पार्टी पूरे प्रदेश में 100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का अपार समर्थन पार्टी को मिलेगा और यह दल आने वाले समय में एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी जल्द ही अपने संगठन का विस्तार करेगी और गांव-गांव, शहर-शहर जाकर लोगों को अपने साथ जोड़ेगी। ई. देवेंद्र कश्यप ने कहा कि सामाजिक न्याय पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक जनआंदोलन है, जो समाज के हर उस व्यक्ति की आवाज बनेगा, जो आज भी अपने हक के लिए संघर्ष कर रहा है।
