मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर के थाना तितावी क्षेत्र में इन दिनों बेखौफ चोरों का आतंक देखने को मिल रहा है। बीती रात अज्ञात चोरों ने क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक ट्यूबवेलों को निशाना बनाते हुए हजारों रुपये के विद्युत उपकरण चोरी कर लिए, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है और किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है। जानकारी के अनुसार, चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों में लगे ट्यूबवेलों पर धावा बोला और वहां से केबल, स्टार्टर, मोटर से जुड़े कीमती पार्ट्स सहित अन्य विद्युत सामान उखाड़कर फरार हो गए। सुबह जब किसान अपने खेतों पर पहुंचे तो ट्यूबवेलों की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। पीड़ित किसानों का कहना है कि एक-एक ट्यूबवेल पर हजारों रुपये का नुकसान हुआ है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति पर गहरा असर पड़ा है। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों के बावजूद पुलिस गश्त न के बराबर है, जिसके चलते चोरों के हौसले बुलंद हैं।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार करने और क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और किसान अपनी फसलों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। हालांकि, लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights