-17 अप्रैल को भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर निकलेगी ऐतिहासिक शोभायात्रा
मुजफ्फरनगर। धर्म, संस्कृति और सनातन गौरव का विराट स्वरूप एक बार फिर मुजफ्फरनगर की पावन धरा पर साकार होने जा रहा है। श्री भगवान परशुराम जन्मोत्सव शोभायात्रा समिति द्वारा 17 अप्रैल 2026, शुक्रवार को आयोजित होने वाला भगवान परशुराम जन्मोत्सव इस वर्ष अभूतपूर्व भव्यता, दिव्यता और ऐतिहासिकता का साक्षी बनेगा। इस आयोजन को लेकर शहर में अभी से उत्साह और श्रद्धा की लहर दौड़ गई है। श्री भगवान परशुराम समिति द्वारा भोपा रोड स्थित प्लासा होटल पर प्रेस वार्ता का आयोजन कर समिति के अध्यक्ष शरणदीप कौशिक एवं प्रमुख पदाधिकारी आर्यन राज कौशिक ने मीडिया के समक्ष इस भव्य आयोजन की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि टाउन हॉल पार्किंग में विशाल धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु एकत्रित होकर भगवान परशुराम के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित करेंगे। कार्यक्रम के उपरांत शहर की सड़कों पर निकाली जाने वाली शोभायात्रा इस बार अपने भव्य स्वरूप, आकर्षक झांकियों, भक्ति संगीत, ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक परिधानों के कारण विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी। शोभायात्रा में भगवान परशुराम के जीवन प्रसंगों को दर्शाती जीवंत झांकियां, संत-महात्माओं की उपस्थिति, और हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी इस आयोजन को ऐतिहासिक आयाम प्रदान करेगी। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि भगवान परशुराम, जो कि भगवान विष्णु के छठे अवतार माने जाते हैं, उन्होंने अन्याय और अधर्म के खिलाफ संघर्ष करते हुए धर्म की स्थापना की। उनका जीवन त्याग, तपस्या, पराक्रम और न्यायप्रियता का प्रतीक है। आज के समय में उनके आदर्श समाज को एक नई दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि यह आयोजन केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक जागरूकता और सनातन मूल्यों को सशक्त करने का एक महाअभियान है। इस पावन अवसर पर ब्राह्मण समाज, त्यागी समाज सहित सभी वर्गों के लोगों से अपील की गई कि वे एकजुट होकर इस आयोजन को भव्य और ऐतिहासिक बनाएं। प्रेस वार्ता के दौरान विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और युवा संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी इस आयोजन को अपना पूर्ण समर्थन देते हुए इसे सफल बनाने का संकल्प लिया। सभी ने एक स्वर में कहा कि यह आयोजन समाज को जोड़ने, नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से परिचित कराने और धार्मिक चेतना को जागृत करने का एक सुनहरा अवसर है। शहर में इस भव्य आयोजन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। जगह-जगह बैठकों का दौर जारी है, और समिति द्वारा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार यह शोभायात्रा पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए जनसैलाब का रूप लेगी और मुजफ्फरनगर को आस्था, उल्लास और भव्यता के रंग में रंग देगी। वही प्रमुख पदाधिकारी आर्यन राज कौशिक ने कहा कि 17 अप्रैल को मुजफ्फरनगर बनेगा धर्म, श्रद्धा और सांस्कृतिक वैभव का केंद्र जहां हर सड़क, हर चौराहा और हर दिल “जय परशुराम” के जयघोष से गूंज उठेगा। प्रेस वार्ता के दौरान मुख्य रूप से श्री भगवान शर्मा, केके शर्मा अमित वत्स संजय मिश्रा संजय शर्मा सुरेंद्र शर्मा सुभाष शर्मा विशाल शर्मा डॉक्टर संदीप शर्मा रोहित शर्मा मनीष शर्मा संजय कुमार गौतम सुबोध कपिल शर्मा रजनीश वशिष्ट महादेव शर्मा पंकज शर्मा हिमांशु कौशिक रविकांत शर्मा लोकेश शर्मा पुनीत वशिष्ठ सुशील कुमार शर्मा रमन शर्मा रवि शर्मा पंकज कुमार हैप्पी शर्मा सचिन शर्मा मांगेराम त्यागी आदि मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights