हमीरपुर, 10 नवंबर । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में मंगलवार को गोवर्धन पूजा उत्सव की धूम मची। घर के आंगन में गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत बनाकर महिलाओं ने विधि विधान से पूजा अर्चना की। इसके बाद विभिन्न खाद्य पदार्थों के मिश्रण से बने अन्नकूट का प्रसाद का भोग लगाकर व्रत समाप्त किया। पूरे परिवार ने मिलकर भक्ति भाव के साथ गोवर्धन भगवान की परिक्रमा कर सुख शांति की कामना भी की। इस पर्व की रंगत ग्रामीण इलाकों में ज्यादा देखी गयी।
जिले में कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा को गोवर्धन पूजा उत्सव यहां बड़े ही धूमधाम से मनाये जाने की परम्परा है। ऐसी मान्यता है कि द्वापर युग में श्रीकृष्ण ने इस पूजा की शुरूआत करायी थी। पंडित दिनेश दुबे ने बताया कि इससे पहले गोकुल वासी समुचित वर्षा के लिये देवराज इन्द्र की पूजा किया करते थे। श्रीकृष्ण ने गोकुल वासियों को गोवर्धन पर्वत की पूजा करने के लिये प्रेरित करते हुये उनके अंदर प्रकृति प्रेम की भावना का संचार किया था। जब इन्द्र ने देखा कि गोकुल के लोग उनकी पूजा कर गोवर्धन पर्वत की पूजा कर रहे है तो वह कुपित हो गये और मूसलाधार बारिश शुरू कर दी थी। इससे जनजीवन अस्तव्यस्त होने लगा। सभी लोग घबराकर भगवान श्रीकृष्ण के यहां पहुंचे।
श्रीकृष्ण ने देवराज इन्द्र का अभिमान चूर करने के लिये पूरे सात दिनों तक गोवर्धन पर्वत को अपनी अंगुली पर उठा सम्पूर्ण गोकुल वासियों की इन्द्र के प्रकोप से रक्षा की थी। आखिर थक हार कर इन्द्र भगवान श्रीकृष्ण की शरण में पहुंचे और अपने किये पर माफी मांगी थी। तभी से यह गोवर्धन पूजा करने की परम्परा पड़ी जो अभी भी जारी है। मंगलवार को जिले के नगर और कस्बों से लेकर गांवों तक घर-घर गोवर्धन पर्वत की पूजा अर्चना की गयी। महिलाओं ने गाय के गोबर से अपने घर के आंगन में गोवर्धन पर्वत बनाया और व्रत रहकर विधि विधान से पूजा अर्चना की। गोवर्धन पूजा को अन्नकूट पूजा भी कहा जाता है। यहां से तमाम लोग मथुरा वृन्दावन के समीप गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा करने भी गये है।
