देवरिया, 06 अगस्त । उत्तर प्रदेश के देवरिया में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सलेमपुर की एक्स-रे मशीन कई दिनों से खराब है। इसके चलते मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें निजी केंद्रों पर एक्स-रे कराने के लिए अतिरिक्त शुल्क देना पड़ रहा है।
डॉक्टर की सलाह पर एक्स-रे कराने पहुंचे मरीजों को बिना जांच कराए ही लौटना पड़ रहा है। अस्पताल के एक्स-रे कक्ष के दरवाजे पर मशीन खराब होने की सूचना भी चस्पा की गई है, जिससे मरीजों को निजी एक्स-रे केंद्रों का सहारा लेना पड़ रहा है।
सलेमपुर सीएचसी में प्रतिदिन लगभग 500 से 600 मरीज ओपीडी में उपचार के लिए आते हैं। चिकित्सक हड्डी सहित अन्य बीमारियों की जांच के लिए मरीजों को एक्स-रे कराने की सलाह देते हैं। मशीन खराब होने के कारण इन मरीजों पर जांच का अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ रहा है।
सीएचसी के अधीक्षक डॉ. एसके राव ने बताया कि एक्स-रे मशीन खराब होने की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। उन्होंने जानकारी दी कि मशीन को ठीक कराने की प्रक्रिया चल रही है और उम्मीद है कि चार-पांच दिन में इसे ठीक कर दिया जाएगा।
