बहराइच, 05 जुलाई । नीति आयोग के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी एवं भारत सरकार के संयुक्त सचिव आलोक तिवारी ने रविवार को बहराइच जिले के राजकीय जिला पुस्तकालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के साथ पुस्तकालय में कराए गए अपग्रेडेशन कार्यों का जायजा लिया। यह कार्य उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम निर्माण खंड, बहराइच द्वारा कराया गया है।
जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने बताया कि पुस्तकालय के आधुनिकीकरण के दौरान सबसे बड़ी चुनौती पुरानी पुस्तकों, फर्नीचर और अलमारियों को व्यवस्थित रूप से हटाकर नवीनीकरण कार्य कराना था। सभी चुनौतियों के बावजूद पुस्तकालय को आधुनिक स्वरूप देते हुए वातानुकूलित किया गया है तथा वाई-फाई सहित डिजिटल सुविधाओं से लैस किया गया है।
उन्होंने बताया कि नीति आयोग, भारत सरकार से वर्ष 2023 में प्राप्त 103.65 लाख रुपये की धनराशि से पुस्तकालय को डिजिटल लाइब्रेरी के रूप में विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को एक ही स्थान पर न्यूनतम शुल्क में ऑफलाइन और ऑनलाइन अध्ययन सामग्री तथा आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने पुस्तकालय में उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया और छात्रों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वदानंद, कार्यदायी संस्था के सहायक अभियंता इं. चंद्र प्रकाश त्रिवेदी, आयुष चिकित्साधिकारी डॉ. पीयूष नायक, अपर सांख्यिकीय अधिकारी तीर्थराम वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
