up-pryj-job-fair-3-thousand-

प्रयागराज, 26 नवंबर ।बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत 29 नवंबर को एकदिवसीय रोजगार महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी गुरुवार को क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय प्रयागराज राजीव कुमार यादव ने दी।

उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय प्रयागराज और रामयस स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मलाक बलऊ, नवाबगंज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में निजी क्षेत्र की 20 प्रतिष्ठित कंपनियां तीन हजार से अधिक पदों पर सीधे भर्ती करेंगी। चयनित अभ्यर्थियों को 13,500 से 30 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा।

रोजगार महोत्सव का आयोजन 29 नवंबर को सुबह 10 बजे से रामयस स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में होगा। इसमें विधानसभा फाफामऊ क्षेत्र सहित जिले के बेरोजगार युवा प्रतिभाग कर सकेंगे। जूनियर हाईस्कूल, हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, बीबीए, बीसीए, बीई, आईटीआई, डिप्लोमा, पॉलिटेक्निक, बीटेक और एमबीए उत्तीर्ण 18 से 40 वर्ष आयु के अभ्यर्थी इसमें शामिल हो सकते हैं।

सहायक निदेशक सेवायोजन राजीव कुमार यादव ने बताया कि रोजगार महोत्सव के माध्यम से युवाओं को एक ही स्थान पर विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी पाने का अवसर मिलेगा। इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल(rojgaarsangam.up.gov.in) पर पंजीकरण कराकर मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं। उन्हें अपने सभी शैक्षिक प्रमाणपत्रों और अंकपत्रों की छायाप्रति के साथ जाति प्रमाणपत्र भी लाना होगा। कंपनियों में उपलब्ध रिक्तियों और उनसे संबंधित विस्तृत जानकारी पोर्टल पर प्राप्त की जा सकती है। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को कोई यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights