uk-main-college-constitution

हरिद्वार, 26 नवंबर । संविधान दिवस पर एस.एम.जे.एन. पी.जी. कॉलेज में नशामुक्त भारत तथा विकसित भारत विषय पर युवा संवाद कार्यक्रम हुआ। अध्यक्षता कॉलेज प्रबंधन समिति एवं अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहन्त डॉ. रविन्द्र पुरी महाराज ने की। मुख्य वक्ता एम्स गुवाहाटी के अध्यक्ष पदमश्री प्रो. बी.के.एस. संजय रहे।

श्रीमहन्त डॉ. रविन्द्र पुरी ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति है। यदि युवा नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, संस्कार, सेवा और राष्ट्र निर्माण में लगाएं, तो विकसित भारत का सपना साकार होगा। संविधान हमें अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। युवा संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें।

पदमश्री प्रो. बी.के.एस. संजय ने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ परिवार, समाज और राष्ट्र की उत्पादकता को भी प्रभावित करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगानी होगी। संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि लोकतंत्र और सामाजिक समरसता का आधार है। उन्होंने सड़क सुरक्षा पर ‘खतरा’ कविता का पाठ भी किया।

प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि संविधान दिवस लोकतंत्र के मूल आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर है। उच्च शिक्षण संस्थानों का दायित्व विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, नैतिक मूल्यों और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी विकसित करना भी है।

मेरा युवा भारत के सहायक निदेशक ब्रजेश कौशिक ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करते हैं। छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. संजय माहेश्वरी ने युवाओं से समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व एवं न्याय के आदर्शों को व्यवहार में उतारने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में हेमंत अग्रवाल, अंशिका, आदर्श, आरव सहगल, प्रिन्सी राजपूत तथा अथर खान ने विचार रखे। संचालन डॉ. पल्लवी व डॉ. मीनाक्षी शर्मा ने किया।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights